• Mon. Sep 28th, 2026

जिला अस्पताल निर्माण कार्य की हाउसिंग बोर्ड गहन निगरानी करे : कलेक्टर, किराए के भवनों में संचालित आंगनवाडिय़ों की सूची तत्काल प्रस्तुत करें

BySurendra Jain

Sep 28, 2026

खबर पक्की, 28 सितंबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने हाउसिंग बोर्ड को निर्देशित किया कि जिला अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य की गहन निगरानी करें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का सर्वे कर उनकी सूची तत्काल प्रस्तुत करें। आसपास के क्षेत्रों में यदि कोई शासकीय भवन रिक्त उपलब्ध है, तो ऐसे भवनों में आंगनवाड़ी केंद्रों को स्थानांतरित करने की कार्यवाही की जा सकेगी।
कलेक्टर ने जिले में राशन वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को बजाना में अस्पताल निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए।
कुपोषण की रोकथाम के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि टेक होम राशन के साथ-साथ बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली देना भी महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, डीएफओ, आयुक्त नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!