• Fri. Nov 13th, 2026

पुलिस सायरन सुनकर भागे चोर, गश्त टीम के निकलते ही लौटे और तोड़ दिया सूने मकान का तालाज् राजबाग में सूने मकान को बनाया निशाना

BySurendra Jain

Sep 28, 2026

खबर पक्की, 28 सितंबर, रतलाम। शहर में बदमाशों के हौसले किस कदर बढ़ गए हैं, इसका अंदाजा औद्योगिक थाना क्षेत्र की राजबाग कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात से लगाया जा सकता है। सोमवार तड़के सैलाना रोड स्थित कॉलोनी में बंद मकान को निशाना बनाने पहुंचे चार बदमाश पुलिस गश्त वाहन का सायरन सुनकर मौके से भाग गए, लेकिन पुलिस वाहन के आगे निकलते ही कुछ देर बाद वापस लौट आए और ताला तोड़कर मकान में चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार राजबाग कॉलोनी के एल-14 मकान में पंचायत विभाग में पदस्थ कर्मचारी कमलेश पापरीवाल जैन किराए से रहते हैं। मकान मालिक दीपक जोशी हैं। कमलेश पारिवारिक कार्य से पिछले कुछ दिनों से बाहर गए हुए हैं, जिसके चलते मकान पर ताला लगा था।
सोमवार तड़के बदमाशों ने इसी सूने मकान को निशाना बनाया। वे दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, तभी क्षेत्र में पुलिस वाहन का सायरन सुनाई दिया। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही चारों बदमाश मौके से भाग निकले। हालांकि, गश्त वाहन के वहां से आगे निकलने के बाद बदमाश दोबारा लौटे और मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह पड़ोसियों को मकान का ताला टूटा मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
मकान में रहने वाले किराएदार बाहर होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश कितने आभूषण और नकदी ले गए हैं। किराएदार के लौटने और सामान की जांच के बाद ही चोरी हुए माल की वास्तविक कीमत सामने आ सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।

You missed

error: Content is protected !!