खबर पक्की, 27 सितंबर, रतलाम। खाद्य सुरक्षा प्रशासन रतलाम की टीम ने जावरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। पिपलोदा रोड स्थित पदमना रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के आवश्यक मेडिकल प्रमाण पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं मिले। साथ ही खाद्य लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं किया गया था।
टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत रेस्टोरेंट से सोयाबीन तेल और पनीर के नमूने लिए। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी प्रकार हुसैन टेकरी रोड स्थित न्यू बजरंग ढाबे का निरीक्षण किया गया। यहां प्रोपराइटर अनिल गणावा ढाबे का संचालन करते मिले। ढाबे पर खाद्य पंजीयन प्रदर्शित नहीं था तथा कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। टीम ने यहां से पनीर एवं गेहूं के आटे के नमूने जांच के लिए लिए।
दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल चार नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, सोयाबीन तेल, पनीर और आटे के नमूने लिए
