खबर पक्की, 27 सितंबर, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर सामने आई पत्थरबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रतलाम पुलिस ने रोकथाम के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीणों के सहयोग से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जनसंवाद किया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में डीएसपी सुरेंद्र सिंह गडरिया एवं थाना प्रभारी रावटी के नेतृत्व में ग्राम मोलावा के पंचायत भवन में ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोलावा सरपंच नरेंद्र गरवाल, देवपाड़ा सरपंच बद्रीलाल वसुनिया सहित गांव के पटेल, वरिष्ठ नागरिक, एक्सप्रेस-वे के आसपास रहने वाले दुकानदार एवं मकान मालिक मौजूद रहे।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि एक्सप्रेस-वे के आसपास सड़क किनारे शराब पीकर उपद्रव करने, संदिग्ध अवस्था में घूमने, रील बनाने या स्टंट करने, वाहनों की आवाजाही के दौरान संदिग्ध गतिविधियां करने अथवा पत्थरबाजी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बच्चों और युवाओं को भी समझाइश देने की अपील की कि एक्सप्रेस-वे पर पत्थर फेंकना, वाहनों को निशाना बनाना या सड़क पर किसी भी प्रकार का उपद्रव करना गंभीर और खतरनाक अपराध है। इससे वाहन में सवार लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
जनसहयोग से रोकथाम पर जोर
पुलिस ने बताया कि एक्सप्रेस-वे से लगे गांवों के ग्रामीण क्षेत्र की गतिविधियों से परिचित रहते हैं। ऐसे में संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई में मदद मिल सकती है। पत्थरबाजी सहित अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस निगरानी के साथ जनसहयोग और जनसंवाद को भी महत्वपूर्ण माध्यम बना रही है।
पत्थरबाजी करने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्थरबाजी, वाहनों को क्षति पहुंचाने, उपद्रव अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में लगातार निगरानी के साथ पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।
एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी रोकने ग्रामीणों से पुलिस ने मांगा सहयोग, मोलावा में पुलिस ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ किया जनसंवाद, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील
