खबर पक्की, 23 सितंबर, रतलाम। जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया जोधा में भजन संध्या के मंच पर चढऩे से रोकने पर एक युवक द्वारा आयोजन समिति सदस्यों से विवाद करने और फिर परिजन के साथ मिलकर पुलिस दल पर पथराव कर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार डोल ग्यारह पर गांव में भजन संध्या का आयोजन किया गया था। मंगलवार व बुधवार की दरमियानी एख युवक मंच पर चढऩे लगा तो आयोजन समिति सद्सयों ने उसे रोका, इस पर उसने विवाद शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने समझाया तो वह चला गया और कुछ देर बाद वह, उसके परजिन व अन्य आरोपियों ने आकर पुलिस दल पर पथराव कर हमला कर दिया। हमले में रिंगनोद थाना प्रभारी आंनद सिंह आजद सहित और तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डोल ग्यारस पर्व पर 22 सितंबर 2026 की रात रिंगनोद थाना क्षेत्र की माननचौकी क्षेत्र में स्थित ग्राम पिपलिया जोधा में सरकारी माध्यमिक विद्यालय के पास भजन संध्या का आयोजन किया गया था। माननखेड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक घनश्याम कुमावत व संतोष की ग्राम पिपलिया जोधा में ड्यूटी थी। रात करीब 11 बजे भजन संध्या कार्यक्रम के दौरान आरोपी आरोपी सुनील पिता रामसुख निवासी ग्राम पिपलिया जोधा स्टेज पर चढ़ा तो आयोजन समिति के सदस्यों ने उसे स्टेज से नीचे जाने के लिए कहा। इससे वह नाराज हो गया और विवाद कर शोर मचाने लगा। आरक्षक घनश्याम कुमावत व संतोष तत्काल वहां पहुंचे तथा सुनील को समझाने लगे, लेकिन वह नहीं माना तथा रुको तुम्हे बताता हूं कहकर घर चला गया। उसके जाने के बाद आरक्षक घनश्याम कुमावत ने तत्काल रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद और माननखेड़ा चौकी प्रभारी राजेश मालवीय दल लेकर ग्राम पिपलिया जोधा पहुंचे तथा विद्यालय की बाउंड्रीवाल के पास खड़े थे। इसी बीच आरोपी सुनील, उसके भाई दिलीप व जितेंद्र, पिता रामसुख, मां धाबूपाई और कैलाश पिता भगवतीलाल तथा अर्जुन पिता रामप्रसाद गाली-गलोच करते हुए हाथों में पत्थर लेकर पहुंचे और पथराव कर पुलिस दल पर हमला कर दिया। पत्थर सिर पर लगने से आरक्षक नरेंद्र सिंह हाड़ा के सिर से खून निकलने लगा। वहीं थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के सिर व पीछे कमर की तरफ तथा आरक्षक अनिल डांगी को पीट पर चोट आई। इस दौरान आरोपी कैलाश व अर्जुन ने आरक्षक घनश्याम कुमावत के साथ लकड़ी से मारपीट की, जिससे घनश्याम कुमावत को दाहिने हाथ की कलाई व बायें हाथ के पंजे पर चोट आई। प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह बायें पैर में पत्थर लगने से चोट आई। सुधीर सिंह के साथ झूमाझटकी भी की गई।
विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज, छह गिरफ्तार
बताया जाता है कि घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा सरपंच प्रतिनिधि कालूराम कुमावत, भारत दास बैरागी, धर्मेंद्र पाटीदार, जुझारलाल पाटीदार आदि पहुंचकर बीचबचाव किया। इसके बाद थाना प्रभारी व पुलिसकर्मियों का जावरा के सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार अरोपी सुनील, दिलीप, जितेंद्र, रामसुख, धापूबाई, कैलाश व अर्जुन के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 132, 191 (2), 296-ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने बताया कि आरोपी सुनील, दिलीप, जितेंद्र, रामसुख, धापूबाई, कैलाश व अर्जुन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी धापूबाई की गिरफ्तारी नहीं हुई है, मामले की विवेचना की जा रही है।
