खबर पक्की, 23 सितंबर, रतलाम। पेयजल एवं स्वच्छता जैसे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने 23 सितंबर को बैठक आयोजित की। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तीनों अनुभागों के अनुविभाग अधिकारियों को उपस्थित होकर विभागीय कार्यों एवं आवश्यक जानकारी से अवगत कराना था, लेकिन तीन में से दो अनुविभाग अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
महत्वपूर्ण बैठक में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति को कलेक्टर कटेसरिया ने गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री सीताराम जांगड़े को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। इसमें उनसे पूछा गया है कि उनके विभाग के दो अनुविभाग अधिकारी बैठक में किन कारणों से अनुपस्थित रहे।
जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
सूचना पत्र में कहा गया है कि अधिकारियों की अनुपस्थिति पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाती है। इसे मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन बताते हुए कदाचरण की श्रेणी में माना गया है। नोटिस का जवाब निर्धारित समय में प्राप्त नहीं होने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर सीताराम जांगड़े के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
