खबर पक्की, 23 सितंबर, रतलाम। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री सीताराम जांगड़े सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एक माह से मामला संज्ञान में, कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी
बैठक में कलेक्टर कटेसरिया ने जनजातीय क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीएचई विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खराब गुणवत्ता वाले पेयजल का मामला करीब एक माह से विभाग के संज्ञान में है, इसके बावजूद समस्या के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सैलाना-बाजना में लंबे समय से बंद हैं फ्लोराइड रिमूवल प्लांट
कलेक्टर ने सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में डेढ़ से दो वर्ष से बंद पड़े फ्लोराइड रिमूवल प्लांट को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दोनों प्लांट को पुन: शुरू करने की प्रक्रिया अभी तक निविदा प्रक्रिया से आगे नहीं बढ़ सकी है। जनजातीय क्षेत्र के लोगों को फ्लोराइड प्रभावित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है, जो गंभीर स्थिति है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यपालन यंत्री को कारण बताओ नोटिस
मामले में कलेक्टर ने पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री सीताराम जांगड़े को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रकरण को पीएचई विभाग के अपर मुख्य सचिव सचिन सिंह के संज्ञान में लाया जाएगा और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
दो एसडीओ अनुपस्थित, बैठक निरस्त
बैठक में जिले के तीन एसडीओ में से सैलाना की एसडीओ बिंदिया चौहान एवं जावरा के एसडीओ अमृत धाकड़ अनुपस्थित रहे। महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की जानी है, यदि वही बैठक में उपस्थित नहीं हों तो समीक्षा का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। इसके चलते जिला जल एवं स्वच्छता समिति एवं वाश की बैठक निरस्त कर दी गई।
फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था पर कलेक्टर नाराज, पीएचई विभाग को लगाई फटकार, – डेढ़ से दो वर्ष से बंद फ्लोराइड रिमूवल प्लांट पर जताई चिंता, कार्यपालन यंत्री जांगड़े को कारण बताओ नोटिस
