• Tue. Sep 22nd, 2026

कीचड़ और फिसलन से भरा 2 किमी का कच्चा रास्ता, सहमे अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे

BySurendra Jain

Sep 22, 2026

खबर पक्की, 22 सितंबर, रतलाम। जिले के ग्राम गांगाखेड़ी से नगरा के बीच स्थित लगभग 2 किलोमीटर का कच्चा रास्ता इन दिनों ग्रामीणों और विद्यार्थियों के लिए भारी परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश के मौसम में रास्ते में अत्यधिक कीचड़ और फिसलन होने से आए दिन वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हादसों के डर से कई ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेज पा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
आज मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान ग्राम गांगाखेड़ी के निवासियों ने इस समस्या के संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय रतलाम पहुंचकर कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांगाखेड़ी से कक्षा 6 से 12वीं तक पढऩे वाले छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए नगरा स्थित शासकीय स्कूल जाना पड़ता है। गांगाखेड़ी से नगरा जाने के लिए यही एक मुख्य मार्ग है।
5 से 6 गांवों का मुख्य मार्ग, फिर भी उपेक्षा
ग्रामीणों ने बताया कि इसी रास्ते पर शासकीय उचित मूल्य की दुकान (राशन दुकान), आटा चक्की आदि स्थित हैं। इसके अलावा यह मार्ग नगरा, गांगाखेड़ी, कालुखेड़ी, ईटावा माताजी सहित करीब 5 से 6 गांवों के लोगों के आवागमन का एक अत्यंत व्यस्त और आवश्यक रास्ता है। इसके बावजूद भी रास्ता पक्का नहीं बनाया जा रहा है।
पूर्व में भी दे चुके हैं आवेदन
आवेदन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि इस मार्ग को पक्का करवाने के लिए पूर्व में भी कई बार अधिकारियों को आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस कच्चे मार्ग को जल्द से जल्द पक्का बनवाया जाए।

You missed

error: Content is protected !!