खबर पक्की, 22 सितंबर, रतलाम। रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर वाहनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं कम नहीं हो रही है। मंगलवार सुबह फिर से ऊंची पहाड़ी से पत्थर फेंके गए जो सड़क से टकराते हुए ट्रक के आगे की कांच पर जा लगा। इससे कांच क्षतिग्रस्त हो गया।
जबकि एक दिन पहले ही रतलाम व झाबुआ पुलिस ने संयुक्त रूप से 8 लेन पर बैठक रख पत्थरबाजों के तलाश कर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।
थांदला से रतलाम आ रहे ट्रक पर मंगलवार सुबह करीब 7.30 बजे एक बड़ा पत्थर आकर लगा। ट्रक ड्रायवर निलेश भूरिया ने ट्रक रोका। आसपास देखा तो रोड से ऊपर पहाड़ी पर कुछ नाबालिग बच्चे दिखे। जिनके हाथों में पत्थर थे।
निलेश के अनुसार यह लड़के रोड पर पत्थर फेंक रहे थे। पत्थर रोड से टकराते हुए उनके ट्रक के कांच पर आकर लगा। जिससे कांच क्षतिग्रस्त हो गया।
वीडियो बनाते हुए पास जाने की कोशिश
ट्रक रोकने के बाद ड्रायवर निलेश ने अपने मोबाइल से पहाड़ी पर खड़े पत्थरबाजों का वीडियो बनाते हुए पहाड़ी पर जाने की कोशिश की। युवकों को आवाज लगाते हुए उन्हें रुकने का बोला। लेकिन वह वहां से भाग गए। घटना रतलाम के औद्योगिक थाना के ईसरथुनी क्षेत्र में हुई है।
टोल नाके पर आकर दी जानकारी
जिस जगह पत्थर फेंके गए वहां से कुछ ही दूरी पर धामनोद टोल नाका भी है। ट्रक चालक ने वहां से ट्रक लेकर टोल पर आकर रुका। टोलकर्मियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। ट्रक चालक ने टोल राशि लेने के बावजूद सुरक्षा नहीं देने पर एनएचआई के खिलाफ रोष जताया। वहां पर शिकायत कर वह ट्रक लेकर रतलाम के लिए रवाना हो गया। कांच क्षतिग्रस्त होने से 35 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
एक अन्य वीडियो भी सामने आया
उक्त घटना के अलावा एक अन्य वीडियो भी 8 लेन का सामने आया है। वीडियो में दो युवक दिख रहे है। सड़क किनारे ऊंची पहाड़ी से कुछ युवक नीचे सड़क पर पत्थर फेंक रहे है। वीडियो किस जगह का है यह भी सामने नहीं आया है। लेकिन यह झाबुआ जिले की बॉर्ताडर के पास का बताया जा रहा है। पत्थरबाजी की घटना से वाहन चालकों में डर का माहौल बना है।
एक दिन पहले हुई बैठक
8 लेन झाबुआ व रतलाम जिले की सीमा से गुजर रहा है। दोनों जिलों में लगातार पत्थरबाजी की घटना को देखते हुए सोमवार को रतलाम एसपी अमित कुमार, झाबुआ एसपी देवेंद्र पाटीदार के साथ एनएचएआई के अधिकारियों की बैठक हुई थी। दोनों जिले के अधिकारी 8 लेन पर झाबुआ की सीमा पर एकत्र हुए थे।
पत्थरबाजी की घटना को लेकर सुरक्षा बढ़ाने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की थी। लेकिन ठीक अगले दिन फिर से पत्थरबाजी की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए है। यहां तक एनएचएआई भी वाहन चालकों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। मंगलवार को जो वीडियो सामने आए है उसके बारे में पुलिस जांच में जुटी है।
8 लेन एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी, विडियो, ट्रक का कांच टूटा; एक दिन पहले ही 2 जिलों के एसपी ने सुरक्षा को लेकर की थी बैठक
