खबर पक्की, 16 सितंबर, रतलाम। गांधीनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह 27 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक किराये से मकान में रहता था। सुबह जब मकान मालिक की नजर गई तो घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने मौके पर पहुंच पंचनामा बनाकर शव पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
मृतक युवक का नाम धुम्मु लोकनाथ पिता पापाराव निवासी श्रीमामेड़ी शिकर धुल्लम (आंध्र प्रदेश) है। मृतक थाना औद्योगिक क्षेत्र के गांधी नगर में राधा कृष्ण मंदिर के पास सुधांशु शर्मा के मकान में पिछले 7-8 साल से किराये पर रहता था।
सूचना मिलने पर थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस व एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल व टीम मौके पर पहुंची। युवक ने कमरे के अंदर छत पर लगे लोहे के हुक में भगवा गमछे से फांसी का फंदा लगा रखा था। जांच के बाद शव को उतारकर मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
दूसरे किरायेदार के कमरे में लगाई फांसी
मकान मालिक सुधांशु शर्मा ने बताया लोकनाथ मंगलवार सुबह से घर पर नहीं दिखा था। वह अकेला रहता था। छाजेड़ प्रिंटिंग प्रेस पर काम करता था। उसकी दिन-रात ड्यूटी बदलती रहती है। इसलिए इतना ध्यान नहीं दिया। रात में भी वह नहीं दिखा।
बुधवार सुबह मम्मी घर में साफ-सफाई कर रही थी। तभी उनकी नजर एक अन्य किरायेदार हरिओम डामोर के कमरे पर गई तो वह वहां पर फांसी पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
किरायेदार हरिओम डामोर भी घटना के समय नहीं था। वह भी अकेला रहकर पुलिस की तैयारी कर रहा है। वह अपने गांव गया हुआ था। दोनों कमरों पर ताले नहीं लगे थे।
घर के बाहर ही गणेश प्रतिमा विराजित
जिस मकान में युवक ने फांसी लगाई है, उसी के बाहर गणेश प्रतिमा भी पांडाल में विराजित कर रखी है। गणेश प्रतिमा विराजित करने के दौरान युवक चल समारोह में शामिल हुआ था। मंगलवार रात आरती में भी नहीं दिखा था। घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को आंध्रप्रदेश में दी है। परिजन दो दिन में रतलाम पहुंचेंगे। उसके बाद पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।
लोडिंग वाहन में लेकर गए शव
युवक के शव को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए पुलिस एंबुलेंस व शव वाहन की व्यवस्था नहीं कर पाई। खुले लोडिंग वाहन में शव लेकर गए। जबकि नगर निगम के तीन-तीन शव वाहन है। लोडिंग वाहन में गद्दी बिछाकर मकान मालिक व पड़ोसियों की मदद से शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
आंध्र प्रदेश के युवक ने लगाई फांसी, मौत, 8 साल से किराए के मकान में रहता था; पड़ोसी के कमरे में लटकता मिला
