शाजापुर.परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक बदमाशों ने व्यापारी के घर 45 मिनट धमाचौकड़ी मचाई। चौकीदार पर जानलेवा हमला कर सिर पर कई वार किए। बचाव में अंगुलियों पर गंभीर चोट आई। सीसीटीवी फुटेज में चौकीदार को बंधक बनाने के साथ वार करते दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने दरवाजा खुलवाने के लिए 3 बार प्रयास किया।
व्यापारी के घर बड़ी वारदात
शहर के एक व्यापारी के घर बड़ी वारदात की नीयत से घुसे बदमाशों ने धमाचौकड़ी मचा दी। इस दौरान चौकीदार को घायल कर दिया और मुंह पर कपड़ा बांध घर के पीछे बांध दिया। इसी बीच व्यापारी व घर के अन्य लोगों के जागने पर बदमाश भाग गए। रविवार रात साढ़े 12.30 बजे एसपी बंगला रोड पर बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी सूरजमल जैन के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला।
चौकीदार पर धारदार हथियार से हमला
बदमाशों ने चौकीदार पर धारदार हथियार से हमला किया और घायल कर दिया। बदमाशों ने चौकीदार को लोहे के खंभे से बांध घर में प्रवेश किया। बदमाशों ने दरवाजा बजाया, इस पर बुजुर्ग ने दरवाजे खोलने की बजाय घर के अन्य सदस्यों को जगा दिया। शोर मचाने के साथ फोन पर पड़ोसियों को भी जगा दिया। हंगामा होता देख बदमाश भाग निकले। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। एफएसएल व पुलिस डॉग ने बदमाशों की तलाश भी की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
चौकीदार भेरूलाल पिता माधौजी (57) निवासी सतगांव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। भेरूलाल ने बताया कि वह अनिकेत जैन के मकान पर रात 12.30 बजे खुले परिसर में आग ताप रहा था। तभी दो बदमाशों ने हमला बोल दिया। घायल कर मुंह में कपड़ा ठूंस खंभों से बांध दिया। काफी देर बाद अनिकेत मुझे तलाशते हुए आए। उन्होंने मुझे खोला और अस्पताल लेकर आए। भेरूलाल पांच माह पहले ही चौकीदारी पर रखा गया था।
दो से अधिक थे बदमाश
अनिकेत जैन के अनुसार बदमाशों की संख्या आधा दर्जन होगी। उनके अनुसार घर के छत पर भी कुछ बदमाश थे जबकि कुछ दादाजी सूरजमल जैन के कमरे के बाहर खड़े रहकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने छत से किसी के कूदने की आवाज भी सूनी।
एसपी भी पहुंचे
एसपी अनिल शर्मा शाम 6 बजे सूरजमल जैन के मकान पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया और व्यापारी व परिजन से भी जानकारी ली। वारदात के बाद एफएसएल और पुलिस डॉग ने भी जांच की गई। डॉग कुछ दूर जाकर खुले स्थान पर रुक गया। एसडीओपी देवेंद्र यादव, टीआई राजेंद्र वर्मा, यातायात थाना प्रभारी पीके व्यास भी पहुंचे।
सर्चिंग जारी है
बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे। प्रथम दृष्टया डकैती का प्रयास नहीं लगता। बदमाशों को पकडऩे के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित शहर की सीमाओं पर तलाशी अभियान चलाया है। रात में भी गश्त कर रहे हैं।
– राजेंद वर्मा टीआई
