खबर पक्की, 13 सितंबर, रतलाम। बाजना थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव के जंगल में रविवार सुबह गंभीर रूप से घायल अवस्था में एक तेंदुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मानपुरा के जंगल में ग्रामीणों ने एक तेंदुए को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। तेंदुए के शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उसकी हालत बेहद खराब थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। हालांकि, जख्म गंभीर होने के कारण तेंदुए को बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा घायल होने का राज
तेंदुए की मौत के बाद वन विभाग ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर तेंदुआ किन परिस्थितियों में और कैसे गंभीर रूप से घायल हुआ, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जंगल में मिला गंभीर रूप से घायल तेंदुआ! इलाज के दौरान मौत..मानपुरा के जंगल में अचेत हालत में मिला था तेंदुआ
