खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी अनंत चतुर्दशी सहित अन्य त्यौहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। न्यूसेंस एलिमेंट से सख्ती से निपटें। ऐसे तत्व जो माहौल बिगाडऩे का प्रयास करते हैं, आपस में झगड़ा करते हैं अथवा अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित कर शांति व्यवस्था प्रभावित करते हैं, उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और आवश्यकतानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए।
कलेक्टर एवं एसपी ने निर्देश दिए कि जिले के गुंडा तत्वों को बॉन्ड ओवर करने की कार्रवाई प्रभावी रूप से की जाए। बॉन्ड ओवर का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाए। आदतन अपराधियों एवं लगातार कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जमीन विवाद से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जमीन विवाद के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से संयुक्त रूप से कार्रवाई करें, ताकि विवादों के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण हो, चाहे पक्का हो अथवा कच्चा, उसे हटाने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए।
कलेक्टर ने किन्नरों द्वारा की जाने वाली वसूली संबंधी शिकायतों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता द्वारा इस संबंध में शिकायत किए जाने पर शिकायत का तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। किसी भी व्यक्ति को आम जनता को परेशान करने अथवा जबरन वसूली करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के दस्तावेज एवं पहचान की भी नियमानुसार जांच करने के निर्देश दिए।
आगामी अनंत चतुर्दशी सहित अन्य त्यौहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, आयोजन स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से स्थानीय स्तर पर बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, आयोजन समितियों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करें तथा त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में एट्रोसिटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से संबंधित किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, एडिशनल एसपी, जिले के एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
न्यूसेंस एलिमेंट से सख्ती से निपटें, माहौल बिगाडऩे वालों पर तत्काल मुकदमा दर्ज करें : कलेक्टर , गुंडा तत्वों को बॉन्ड ओवर कराएं, उल्लंघन करने वालों को जेल भेजने की कार्रवाई करें, कलेक्टर एवं एसपी ने त्योहारों को लेके कानून व्यवस्था की बैठक कर दिए सख्त निर्देश
