खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। आदतन एवं सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए रतलाम पुलिस ने अब जमानत निरस्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में अपराधियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, पूर्व में दर्ज प्रकरणों, जमानत की शर्तों के उल्लंघन और दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता से जुड़े तथ्यों को जुटाकर न्यायालयों के समक्ष प्रभावी प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। पुलिस की प्रभावी पैरवी और ठोस तथ्यों के आधार पर अब तक 28 आदतन अपराधियों की जमानत निरस्त कराई जा चुकी है।
इनमें वर्ष 2024 में 5, जबकि वर्ष 2026 में 23 अपराधियों की जमानत निरस्त हुई है। वर्ष 2026 में निरस्त हुई 23 जमानतों में से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
12 और मामलों में न्यायालय में चल रही सुनवाई
पुलिस के अनुसार, इसके अतिरिक्त 12 जमानत निरस्ती के प्रतिवेदन वर्तमान में माननीय न्यायालयों में विचाराधीन हैं। इन मामलों में भी रतलाम पुलिस द्वारा प्रभावी पैरवी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई करना है, जो जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर समाज में भय एवं अशांति का वातावरण पैदा करते हैं।
माणकचौक थाना सबसे आगे
जमानत निरस्ती की कार्रवाई में जिले के कई थानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। माणकचौक थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 5 जमानत निरस्त कराई गईं। इसके अलावा जावरा शहर से 4, औद्योगिक क्षेत्र रतलाम से 3, दीनदयाल नगर से 3, औद्योगिक क्षेत्र जावरा से 3, कालूखेड़ा से 3, आलोट से 2, बिलपांक से 2 तथा शिवगढ़ और रिंगनोद से 1-1 जमानत निरस्त कराई गई। एक प्रकरण में नगर पुलिस अधीक्षक जावरा की भी भूमिका रही।
अपराध दर्ज करने तक सीमित नहीं, जमानत पर भी नजर
रतलाम पुलिस की रणनीति अब केवल अपराध दर्ज करने तक सीमित नहीं है। पुलिस द्वारा अपराधियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, जमानत की शर्तों के उल्लंघन, पुन: अपराध में संलिप्तता और समाज में भय उत्पन्न करने वाली गतिविधियों का परीक्षण किया जा रहा है। इन सभी तथ्यों को संकलित कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि बार-बार अपराध करने वाले आरोपियों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत
28 जमानत निरस्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जमानत निरस्ती की यह कार्रवाई आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ अन्य अपराधियों के लिए भी कड़ा संदेश है।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदतन एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक और न्यायालयीन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर कानून का लाभ उठाने और समाज में भय फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस अब अपराध दर्ज करने के साथ उनकी जमानत निरस्त कराने तक की कार्रवाई करेगी।
