• Thu. Aug 20th, 2026

स्टेशन रोड पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद.. एक आरोपी के खिलाफ एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज

BySurendra Jain

Aug 20, 2026

खबर पक्की, 20 अगस्त, रतलाम। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों ने रतलाम के अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी के 12 आपराधिक मामले दर्ज होना भी सामने आया है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि 5 अगस्त को दो मरीज उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। दोनों ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल जिला अस्पताल परिसर में खड़ी की थी। रात के दौरान अज्ञात बदमाश दोनों मोटरसाइकिलें चोरी कर ले गए।
मामले में स्टेशन रोड थाने पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी अमित कुमार, एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार, एएसपी शहर राकेश पंद्रो एवं सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्रकांत गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी दबोचे
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुकड़ेश्वर क्षेत्र के रहने वाले विष्णु पिता बाबूलाल (41) और बिलास पिता श्मालाल (59) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने 5 अगस्त की रात जिला अस्पताल परिसर से दो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। इसके बाद आरोपियों से गहन पूछताछ में राजस्थान और मध्यप्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 9 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी सामने आई। इस तरह पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
एक आरोपी पर पहले से 12 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विष्णु आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी के कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं। पुलिस अब जब्त मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों और दर्ज अपराधों की जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में स्टेशन रोड पुलिस के साथ कुकड़ेश्वर और मनासा थाना पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!