खबर पक्की, 18 अगस्त, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे युवक पर उसके पिता ने हमला कर दिया। आरोप है कि पिता ने कांच की बोतल फोड़कर युवक के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से मिलने उसका 20 वर्षीय प्रेमी समीर (20), पिता शमीम कुरैशी, निवासी सुभाष नगर, हाल मुकाम बिरियाखेड़ी, उसके घर पहुंचा था। उस समय नाबालिग के माता-पिता घर पर नहीं थे। इसी दौरान माता-पिता अचानक घर लौट आए और युवक को वहां देखकर पिता गुस्से में आ गए।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि नाबालिग के पिता ने घर में रखी कांच की बोतल फोड़कर उसके टूटे हुए हिस्से से समीर के गले पर वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
विवाद और युवक के घायल होने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को डायल-112 वाहन से मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया।
गले पर 7-2 सेंटीमीटर का घाव
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान युवक के गले के बीचों-बीच करीब 7म2 सेंटीमीटर का घाव पाया गया। बताया गया है कि हमले में दो छोटी नसें भी कट गई हैं।
घटना के बाद नाबालिग भी मेडिकल कॉलेज पहुंची। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने कांच की बोतल फोड़कर उसके प्रेमी के गले पर वार किया है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में युवती ने युवक को अपना प्रेमी बताया है। दोनों पिछले करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक के बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं।
नाबालिग बेटी के प्रेमी का पिता ने गला रेता : रतलाम में कांच की बोतल से हमला, युवक गंभीर; घर पर अकेली थी युवती
