• Sat. Oct 3rd, 2026

दो बत्ती चौपाटी पर निगम की बड़ी कार्रवाई, खाली कराने पहुंचे, जेसीबी पर चढ़कर दूकानदारों का विरोध, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेस नेताओं ने दिया धरना

BySurendra Jain

Aug 18, 2026

खबर पक्की, 18 अगस्त, रतलाम। शहर के व्यस्ततम दो बत्ती चौराहे पर लगने वाली चौपाटी को हटाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। दोपहर में तीन जेसीबी और अमले के साथ पहुंची निगम की टीम ने चौपाटी क्षेत्र में संचालित 50 से अधिक ठेले और दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
निगम अमले ने दुकानदारों को अपना सामान और ठेले हटाने के लिए समय दिया। इसके बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपने स्तर पर दुकानें और ठेले हटा लिए। बाद में निगम की जेसीबी ने चौपाटी स्थल पर बने सीमेंट-कॉन्क्रीट के अस्थायी ढांचों को तोडऩा शुरू कर दिया।
जेसीबी पर चढ़े दुकानदार, कार्रवाई का विरोध
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ दुकानदार तो चलती जेसीबी पर ही चढ़ गए और कार्रवाई रुकवा दी। दुकानदारों का आरोप था कि नगर निगम ने उन्हें बिना पूर्व सूचना या नोटिस दिए अचानक कार्रवाई शुरू कर दी।
विरोध बढ़ता देख निगम अधिकारियों ने स्टेशन रोड थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दुकानदारों ने अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखी। उनका कहना था कि उन्हें नगर निगम आयुक्त अनिल भाना से मुलाकात कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए और तब तक कार्रवाई रोक दी जाए।दुकानदारों की मांग पर प्रशासन और पुलिस की सहमति से निगम की कार्रवाई करीब आधे घंटे के लिए रोक दी गई।
कांग्रेस नेताओं ने पहुंचकर दिया धरना
चौपाटी पर कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट सहित कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए मौके पर धरना दिया। उनका कहना था कि कार्रवाई से पहले दुकानदारों को उचित अवसर दिया जाना चाहिए।

error: Content is protected !!