• Sun. Aug 16th, 2026

बिलपांक क्षेत्र में 5.5 करोड़ की सराफा लूट का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार, 4.167 किलो सोना और 4.047 किलो चांदी बरामद, दो आरोपी फरार; पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

BySurendra Jain

Aug 16, 2026

खबर पक्की, 16 अगस्त, रतलाम। थाना बिलपांक क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई करीब 5.5 करोड़ रुपए की बड़ी लूट का रतलाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के 238 नग आभूषण और 4.047 किलोग्राम चांदी के 183 नग आभूषण बरामद किए हैं। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में दो आरोपी फरार हैं।
फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरडिय़ा, निवासी जैन कॉलोनी रतलाम, गणेश मार्केट चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं। 13 अगस्त को वे बडऩगर से व्यापारिक कार्य पूरा कर बीके यादव बस से रात करीब 8.20 बजे रतलाम के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 9.15 से 9.30 बजे के बीच हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा क्षेत्र में बडऩगर से बस में सवार दो बदमाश व्यापारी के पास पहुंचे और बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर तीन अन्य आरोपियों ने व्यापारी से मारपीट कर बैग छीन लिया और पांचों फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और आवश्यक दस्तावेज थे। रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी एवं आईजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता के निर्देशन में डीआईजी रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल और एसपी रतलाम अमित कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एएसपी शहर के मार्गदर्शन में विभिन्न पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से बडऩगर तक ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज खंगाले तथा फरियादी, बस चालक, परिचालक और क्लीनर के बयान लिए। साइबर सेल ने तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की।
15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में लूट के सामान के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद सभी छह को गिरफ्तार कर लूटा गया मशरूका बरामद किया गया।
5.41 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार 238 नग सोने के आभूषण, वजन 4.167 किलोग्राम, डिब्बों सहित कीमत करीब 5.32 करोड़ रुपए, जबकि 183 नग चांदी के आभूषण, वजन 4.047 किलोग्राम, कीमत करीब 9 लाख रुपए है।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल पिता सोदान गुर्जर, उम्र 24 वर्ष, ग्राम ऊनी, थाना बिलपांक, अभिजीत उर्फ अभय पिता दिनेश गुर्जर, उम्र 22 वर्ष, ग्राम ऊनी, यशवंत पिता कैलाश गुर्जर, उम्र 28 वर्ष, बालागंज बरगुण्डा गली, मंदसौर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर पिता सुरेश गुर्जर, उम्र 25 वर्ष, दिलीपनगर रतलाम, रवि उर्फ बबला गुर्जर पिता देवीसिंह गुर्जर, उम्र 27 वर्ष, ग्राम जमुनिया, मोहम्मद उमर उर्फ पप्पु पिता इमाम बख्श, उम्र 42 वर्ष, आनंद कॉलोनी रतलाम।
फरार आरोपी : रोहित नायक, रामरहिम नगर रतलाम और गौरव गुर्जर, हरसोला इंदौर।
बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की रही भूमिका
प्रकरण के खुलासे में निरीक्षक अय्यूब खान, उप निरीक्षक जीवन बारिया सहित साइबर एवं तकनीकी टीम के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, हिम्मतसिंह, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, निलेश पाठक, दिलीप रावत, राहुल जाट, नरेन्द्र चावड़ा, अनिल सोलंकी, अभिषेक पाठक, अभय चौहान, विपुल भावसार, माखन सिंह, मयंक व्यास, संजय सोनी, रोशन राठौर, राहुल पाटीदार, मोरसिंह, तुषार सिसौदिया, हेमन्त यादव, जीवन विश्वकर्मा और पारस चावला की सराहनीय भूमिका रही।
इसके अलावा निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, विक्रम सिंह चौहान, स्वराज डाबी, दीपक मंडलोई, रणजीत सिंगार, जितेन्द्र सिंह जादौन सहित उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों की टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। डीएसबी रतलाम तथा थाना बडऩगर की टीम भी शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!