• Wed. Aug 12th, 2026

महाकाल मंदिर परिसर में 51 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

BySurendra Jain

Aug 12, 2026

खबर पक्की 12 अगस्त, रतलाम,धराड़। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संस्था अधिष्ठात्री वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीपक के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण, हरितिमा विस्तार एवं वातावरण परिशोधन के उद्देश्य से चलाए जा रहे वृक्षगंगा महाभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम धराड़ स्थित महाकाल मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 2 त्रिवेणी (बरगद, पीपल एवं नीम) सहित कुल 51 पौधों का रोपण किया गया। इनमें अशोक, जामुन, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान पौधों का पूजन एवं तरुपुत्र रोपण संस्कार यज्ञाचार्य नरेंद्र पाठक द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए प्राणवायु का प्रमुख स्रोत हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए। गायत्री परिवार द्वारा चलाया जा रहा वृक्षगंगा महाभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार रतलाम के जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा, जिला युवा संयोजक प्रदीप गुप्ता, प्रांतीय युवा संयोजक विवेक चौधरी, रतलाम तहसील समन्वयक मदन मोहन साहू, मोटिवेशन स्पीकर विकास शैवाल एवं प्रतिमा शैवाल सहित गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में महाकाल समिति अध्यक्ष राजाराम पाटीदार, उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह राठौर, सरपंच विक्रम सिंह राठौर, लाल बहादुर पाटीदार, धराड़ मंडल अध्यक्ष कमलेश पाटीदार तथा समिति सदस्य कैलाश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, धरमचंद राठौड़, रामलाल चौधरी, योगेश पांचाल एवं मांगू सिंह राठौर भी सहभागी रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रखते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया गया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक पौधारोपण के लिए समाज को प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

error: Content is protected !!