• Wed. Jul 29th, 2026

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ट्रैक्टर-ट्रॉली से 290 किलो डोडाचूरा जब्त, तस्कर फरार, बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त

BySurendra Jain

Jul 29, 2026

खबर पक्की, 29 जुलाई, रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ावदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 290 किलोग्राम डोडाचूरा से भरी एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 14.50 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा (ग्रामीण) संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में बड़ावदा थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर झाडिय़ों के रास्ते फरार हो गए। तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 प्लास्टिक के कट्टों से 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने डोडाचूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, एएसआई शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया,शहजाद खान, आरक्षक गोपालसिंह सोनगरा,बालुसिंह तथा सैनिक संग्रामसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

error: Content is protected !!