खबर पक्की, 28 जुलाई, रतलाम। शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम के एमबीबीएस इंटर्न्स ने मंगलवार को अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समर्थन में कलेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर इंटर्न स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग उठाई।
इंटर्न्स का कहना है कि वर्तमान स्टाइपेंड उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि इंटर्न स्टाइपेंड में सम्मानजनक वृद्धि की जाए तथा सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में समान स्टाइपेंड लागू किया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि इंटर्न्स के कार्य के अनुरूप उचित मानदेय के साथ बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि वे बिना आर्थिक और अन्य परेशानियों के मरीजों की बेहतर सेवा कर सकें।एमबीबीएस इंटर्न्स ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जल्द उचित कार्रवाई करेगी।
मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न्स का प्रदर्शन, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
