• Tue. Jul 28th, 2026

जावरा में चोरों का आतंक : बदमाशों ने एक मकान और कोल्ड्रिंक्स एजेंसी को बनाया निशाना,जेवर समेत ढाई लाख उड़ाए

BySurendra Jain

Jul 28, 2026

खबर पक्की, 28 जुलाई, रतलाम। जिले के जावरा में चोरों ने सूने मकान समेत एक कोल्ड ड्रिंक दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरी करते हुए चोरों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। चोर पुलिस के खौफ के बिना आसानी से चोरी कर रहे हैं। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए, वहीं कोल्ड ड्रिंक एजेंसी से कलेक्शन के करीब ढाई लाख रुपये ले गए।
चोरी की घटना सोमवार तड़के की है, जिसका सीसीटीवी सामने आया। चोरों ने सबसे पहले खाचरौद नाका रोड स्थित राजेंद्र जयंत परिसर निवासी दीपक कुमार प्रजापत के सूने मकान को निशाना बनाया। दीपक कुमार अपने निजी काम से बाहर गए थे। रविवार को देर होने पर वह अपने परिचित के यहां गांव मांडवी में रुक गए। उनकी पत्नी व बच्चे शिवगढ़ गए थे और माता-पिता दूसरे मकान में रहते हैं। चोर ताले तोड़कर अलमारी से 8 ग्राम सोने का लॉकेट, 700 ग्राम चांदी की पायल और 70 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
पड़ोसी की नजऱ पड़ी, इशारे से धमकाया
चोरों पर सुबह जब पड़ोसी कालूराम की नजऱ पड़ी, तो बदमाशों ने उन्हें इशारों से धमकाया और आसानी से निकल गए। बाद में उन्होंने दीपक कुमार प्रजापत को सूचना दी। जब वह जावरा स्थित घर पहुंचे, तो सारा सामान बिखरा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश रविवार रात 3.21 बजे कैद हुए हैं, जिसमें 3 संदिग्ध मुंह पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहे हैं।
ढाई लाख रुपये नकद व कोल्ड ड्रिंक की पेटी चुरा ले गए
रविवार-सोमवार की रात जावरा में धाकड़ धर्मशाला के पास मोहन परिसर रोड स्थित एक कोल्ड ड्रिंक व वेफर्स एजेंसी के भी बदमाशों ने ताले तोड़े। ताले तोड़ते और चोरी करते हुए तीन चोर यहाँ लगे सीसीटीवी में कैद हुए हैं। चोर यहाँ सीसीटीवी की नजऱ से खुद को बचाते रहे। यहाँ तक कि एक चोर सीसीटीवी कैमरे को ढकने की कोशिश करता नजऱ आया ताकि वह वीडियो में कैद न हो सके। लेकिन अलग-अलग कैमरे लगे होने के कारण चोर उसमें कैद हो गए।
एजेंसी संचालक हेमंत जैन के अनुसार चोर उनके यहाँ से 3 दिन के कलेक्शन के करीब 2.50 लाख रुपये नकद और कोल्ड ड्रिंक की एक पेटी चुरा ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह एजेंसी पहुँचने पर हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जावरा सीएसपी युवराज सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है और रात्रि गश्त भी बढ़ाई जा रही है।
रतलाम में भी नहीं पकड़े गए बदमाश
पिछले सप्ताह रतलाम के थाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी में चड्डी-बनियान पहने और मुँह पर कपड़ा बाँधे बदमाश घूमते नजऱ आए थे, लेकिन पुलिस अभी तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है। जावरा में हुई चोरी में भी चड्डी-बनियान पहने, शरीर पर कपड़ा डाले और मुँह ढके बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। इससे पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।

error: Content is protected !!