खबर पक्की, 28 जुलाई, रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह वन भूमि के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान एक युवक के गले पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उसके पिता और बड़ा भाई भी घायल हो गए।
घटना केलकच्छ चौकी के कागलीखोरा गांव की है। मृतक की पहचान लक्ष्मण (18) पुत्र बादरिया के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे लक्ष्मण अपने पिता बादरिया और बड़े भाई नारायण (20) के साथ गांव की पहाड़ी पर वन भूमि की हकाई करने गया था। इसी दौरान गांव के 6 से 7 लोग वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया।
गांव काफी अंदर होने और मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पुलिस को घटना की सूचना करीब 10.30 बजे डायल-112 के जरिए मिली। सूचना मिलते ही बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रतलाम से एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी लेकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बाजना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दोपहर में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
वन विभाग की जमीन को लेकर पुराना विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गांव की पहाड़ी पर स्थित वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया है। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार भी पहुंचे।
इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि मृतक की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। परिजन उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष बता रहे हैं। फिलहाल आरोपी रमेश पिता रावजी, पंकेश पिता जीवा, विकास पिता दारजी, राजीव पिता दारजी, माइकल पिता मोहन और मोहन पिता वेस्ता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं।
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि डायल-112 पर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले के सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पहाड़ी पर युवक की चाकू मारकर हत्या, पिता-भाई घायल, रतलाम में वन विभाग की जमीन को लेकर हुआ विवाद, खेती करने पहुंचा तो गला रेता
