• Thu. Oct 29th, 2026

कुएं में डूबने से दो बच्चों की मौत : बिना मुंडेर का था कुआं, ऊपर तक पानी भरा था; नहाने के दौरान हुआ हादसा

BySurendra Jain

Jul 20, 2026

खबर पक्की, 21 जुलाई, रतलाम। जिले के रावटी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिना मुंडेर के पानी से लबालब भरे कुएं में नहाने गईं दो बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। मृतक बच्चियों की पहचान मोरटुका निवासी सपना (12) पिता मोहन भाभर और सोनू (8) पिता भूरा डामर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
खेत पर परिजनों के साथ गई थीं दोनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की है। दोनों बच्चियों के पिता के खेत आसपास ही हैं। रविवार को परिजन खेत में काम करने गए थे और सपना व सोनू भी उनके साथ गई थीं। इसी दौरान सपना अपने पिता के खेत पर बने कुएं पर सोनू के साथ नहाने चली गई। दोनों कुएं के किनारे बैठकर नहा रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों पानी में गिर गईं और डूब गईं।
तलाश करने पर कुएं में मिलीं दोनों
जब काफी देर तक दोनों बच्चियां दिखाई नहीं दीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन करने पर पता चला कि दोनों कुएं में गिर गई हैं। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया और करीब शाम 5:30 बजे दोनों बच्चियों के शव कुएं से बाहर निकाले।
बारिश के कारण कुएं में ऊपर तक भरा था पानी
डाबड़ी गांव के सरपंच प्रतिनिधि लालसिंह देवदा ने बताया कि यह कुआं खाल यानी निचले स्थान पर स्थित है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण आसपास के नालों से पानी बहकर कुएं में पहुंच गया था, जिससे कुआं पूरी तरह पानी से भर गया था। उन्होंने बताया कि कुएं पर सुरक्षा के लिए मुंडेर भी नहीं बनी हुई थी, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था।
सोनू को बचाने में सपना भी डूबने की आशंका
ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पहले 8 वर्षीय सोनू पानी में गिरी होगी। उसे बचाने के प्रयास में 12 वर्षीय सपना भी कुएं में उतर गई और दोनों की डूबने से मौत हो गई। हालांकि दोनों बच्चियां किस तरह कुएं में गिरीं, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
पीएम के बाद परिजनों को सौंपे शव
हादसे के बाद दोनों शवों को रात में मेडिकल कॉलेज में रखा गया था। सोमवार सुबह पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों बच्चियों के शव गांव के लिए रवाना किए गए। घटना के बाद मोरटुका गांव में शोक का माहौल है। रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

You missed

error: Content is protected !!