• Tue. Jul 28th, 2026

मकान का ताला तोड़कर सामान फैलाया, गुल्लक के रुपए निकाले : चड्डी-बनियान पहने गली में घूमते बदमाशों का सीसीटीवी, हाथों में रखे दिखे पत्थर

BySurendra Jain

Jul 20, 2026

खबर पक्की, 21 जुलाई, रतलाम। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना के ऋद्धि-सिद्धि एवेन्यू कॉलोनी में रविवार देर रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे, पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब 4 से 5 हजार रुपए चोरी कर ले गए।
वारदात के बाद तीनों बदमाश कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। फुटेज में वे चड्ढी-बनियान पहने, नंगे पैर और हाथों में पत्थर लिए घूमते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रात में सूने मकान को बनाया निशाना
कॉलोनी निवासी देवेंद्र डोडियार के घर में हुई। देवेंद्र कॉलेज छात्र हैं और इस मकान में रहकर पढ़ाई करते हैं, जबकि उनका परिवार शहर के दूसरे घर में रहता है। रविवार को वह परिवार के साथ शहर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
सुबह लौटे तो टूटा मिला ताला
सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब देवेंद्र घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश घर में रखी गुल्लक तोड़कर उसमें जमा करीब 4 से 5 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी में कैद हुए तीन बदमाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में तीन संदिग्ध बदमाश चड्ढी-बनियान पहने, नंगे पैर और हाथों में पत्थर लिए कॉलोनी में घूमते दिखाई दे रहे हैं। एक बदमाश घरों के बाहर झांकते हुए भी कैमरे में कैद हुआ है। वारदात का वीडियो अब सामने आया है। रात के सन्नाटे में बदमाशों का कॉलोनी में बेखौफ घूमना पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित गश्त होती तो संभवत: चोरी की घटना टाली जा सकती थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की सूचना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

error: Content is protected !!