खबर पक्की, 19 जुलाई, रतलाम। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में जिले के सभी अनुभागों में विशेष कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रों के मार्गदर्शन में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, सीएसपी युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी नीलम बघेल, एसडीओपी पल्लवी गौर, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान एवं आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस बल की टीमों ने जिलेभर में गुंडे-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर आरोपियों, निगरानी बदमाशों एवं अन्य असामाजिक तत्वों की सघन जांच और धरपकड़ की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार 37 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील कराए, वहीं 71 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए। इसके अलावा निगरानीशुदा बदमाशों एवं जिलाबदर आरोपियों की भी सघन चेकिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की विशेष कॉम्बिंग गश्त और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
रतलाम पुलिस की कॉम्बिंग गश्त : 37 स्थायी वारंटी व 71 गिरफ्तारी वारंट तामील, गुंडे-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और जिलाबदर आरोपियों की सघन जांच, अपराधियों पर कसी नकेल
