• Mon. Sep 14th, 2026

रतलाम सर्किल जेल में बंद आरोपित का विडियो वायरल, मुलाकात के दौरान मोबाइल से शूटिंग, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, कैमरे की ओर हाथ हिलाते हुए उंगलियों से पिस्तौल जैसा इशारा

BySurendra Jain

Jul 19, 2026

खबर पक्की, 19 जुलाई, रतलाम। सर्किल जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। जानलेवा चाकूबाजी के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में बंद आरोपी बाबर खान का जेल परिसर के भीतर से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और मुलाकात प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और वीडियो किसने बनाया, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बाबर खान को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 10 जुलाई की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में 14 जुलाई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। न्यायालय के आदेश के बाद उसे उसी दिन रतलाम सर्किल जेल भेज दिया गया था। अब जेल में बंद आरोपी का मुलाकात कक्ष से रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मुलाकात कक्ष में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में बाबर खान पारदर्शी शीशे के पीछे बैठा इंटरकॉम के माध्यम से मुलाकाती से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बाहर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में बाबर कैमरे की ओर हाथ हिलाते हुए उंगलियों से पिस्तौल जैसा इशारा करता नजर आता है। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो में आपत्तिजनक ऑडियो जोड़कर अपराध का महिमामंडन करने की भी कोशिश की गई है।
मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा जांच शुरू
जेल परिसर में मोबाइल फोन ले जाना और वीडियो रिकॉर्डिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा, यह जांच का प्रमुख विषय बन गया है। जेल प्रशासन अब मुलाकात रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहा है।
रोजाना 150 तक मुलाकाती
जेल प्रशासन के अनुसार, कैदियों से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पंजीयन, पहचान पत्र का सत्यापन और हैंड मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा परीक्षण किया जाता है। मुलाकात के समय एक प्रहरी सुरक्षा जांच और एक महिला प्रहरी पंजीयन काउंटर पर तैनात रहती है। रोजाना 125 से 150 लोग कैदियों से मिलने आते हैं। इसके बावजूद मोबाइल जेल परिसर तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
फ्रैक्चर के दावे पर भी उठे सवाल
वायरल वीडियो में बाबर खान उसी पैर को सहजता से उठाता दिखाई दे रहा है, जिसके फ्रैक्चर होने का दावा पुलिस ने गिरफ्तारी के समय किया था। पुलिस का कहना था कि गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ था और इसी कारण उसे प्लास्टर के साथ कोर्ट में पेश किया गया था।ऐसे में वायरल वीडियो के बाद पुलिस के पहले किए गए दावे पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा जेल प्रशासन
जेल उपअधीक्षक ब्रजेश मकवाने ने बताया कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मोबाइल जेल परिसर तक कैसे पहुंचा, वीडियो किसने बनाया और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!