खबर पक्की, 10 जुलाई, रतलाम। थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत रहने वाला 12 साल का एक बच्चा गुरुवार को बिना बताए घर से गायब हो गया। परिजनों ने तलाश किया, लेकिन नहीं मिला। गायब होने की जानकारी परिजनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस को दी। रात में भोपाल के आगे जा रही ट्रेन गोरखपुर एक्सप्रेस में वह मिला। जिसे टीटीई ने सागर जीआरपी को सौंपा।
बच्चे की बुआ ने बताया कि भतीजा कक्षा 7वीं में पढ़ता है। गुरुवार दोपहर वह जवाहर नगर चार बत्ती चौराहे के पास मेरी छोटी सिस्टर के यहां गया था। वहां से वह पास में बगीचे में खेलने के बाद दोपहर 2 बजे से बिना बताए गायब हो गया। काफी देर तक जब घर नहीं आया तो तलाश किया। इसके बाद थाना औद्योगिक क्षेत्र पर सूचना दी।
सोशल मीडिया पर जानकारी पोस्ट की
भतीजे की गुम होने की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट की। रात करीब 11.30 बजे रतलाम से गोरखपुर जा रही ट्रेन में सवार जिले के जावरा के युवक अर्जुन पाटीदार ने बच्चे को देखा। उसने परिजनों से संपर्क कर हुबहू बच्चा ट्रेन में होने की बात कही। लेकिन सूचना देने वाले भोपाल उतर गए।
इतने में ट्रेन आगे के लिए निकल गई। इसके बाद परिजनों ने थाना औद्योगिक को जानकारी देकर जीआरपी थाना पहुंचे। जीआरपी ने रतलाम से गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 19489 में ड्यूटी टीटीई की जानकारी ली। टीटीई को ट्रेन में बच्चा इंजिन के पास वाले जनरल कोच में मिला। टीटीई ने बच्चे को बरामद कर सागर में जीआरपी को सौंपा।
पुलिस के साथ चाचा हुए रवाना
रात में बच्चे की जानकारी मिलने पर बच्चे के चाचा व थाना औद्योगिक पुलिस जवान रात में ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हुए। सुबह वह भोपाल उतरे और वहां से बस से सागर के लिए रवाना हुए। दोपहर तक यह सागर पहुंचेंगे। इसके पहले थाना औद्योगिक क्षेत्र का एक पुलिस जवान भोपाल में डाक देने गया था। उसे भी रात में थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने सागर भेजा।
पिता की हो चुकी है मौत
बच्चे के पिता 5 मई 2016 में निधन हो चुका है। मां ने दूसरी शादी कर ली। बच्चा रतलाम में अपने दादा व दादी के साथ रहता है। दादा रेलवे के पाइंटमैन से रिटायर्ड है। घर से जब निकला था तो दादी से 5 रुपए लिए थे। कहा था चीज खानी है। शुक्रवार देर रात कर बच्चा पुलिस व परिजनों के साथ रतलाम पहुंचेगा। उसके बाद ही उसके जाने का कारण सामने आ पाएगा।
औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया जीआरपी व रेलवे के समन्वय से बच्चे को ट्रेन के जनरल कोच से सागर पहुंचने के पहले दस्तायब कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसे बनारस जाने का क्रेज था। रतलाम लाने के बाद पूछताछ में स्पष्ट कारण सामने आ पाएगा।
घर से निकला 12 वर्षीय बच्चा गोरखपुर एक्सप्रेस में मिला : बनारस जाने के लिए ट्रेन में बैठा था; टीटीई की सतर्कता से सागर में सुरक्षित मिला
