• Tue. Jul 28th, 2026

पुलिस की बड़ी कामयाबी : बुजुर्ग महिला से आभूषण की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी से रतलाम आकर की वारदात,एक आरोपी पकड़ाया, सोना गलाने वाला सुनार भी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Jul 8, 2026

खबर पक्की, 8 जुलाई, रतलाम। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला को झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तरप्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी के आभूषण खरीदकर गलाने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर करीब 3.10 लाख मूल्य का गला हुआ सोना बरामद किया है। मामले में गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
7 जून 2026 को 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी गुरुद्वारा जा रही थीं। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोककर कहा कि क्षेत्र में चोर सक्रिय हैं और सोने के आभूषण पहनना सुरक्षित नहीं है। उनकी बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की पाटली और मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लिया।
कुछ दूर आगे दोनों आरोपियों ने फिर बातचीत शुरू की और बैग सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाकर महिला से बैग ले लिया। मौका मिलते ही दोनों आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। बैग में सोने के आभूषणों के अलावा मोबाइल फोन और 2 हजार नकद भी थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना के बाद स्टेशन रोड पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की तस्वीरें और वीडियो विभिन्न जिलों एवं राज्यों की पुलिस से साझा किए गए। तकनीकी विश्लेषण और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए आरोपियों की पहचान युसुफ उर्फ मोटा (मेरठ, उत्तरप्रदेश) और नोशाद शाह (ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड) के रूप में हुई।
यूपी से दबोचा आरोपी
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती जिले से युसुफ उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नोशाद शाह के साथ वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि ठगे गए आभूषण उत्तरप्रदेश के अमरोहा में एक सुनार को बेच दिए थे।
सुनार भी गिरफ्तार, गला हुआ सोना बरामद
जांच में सामने आया कि अमरोहा निवासी दिवाकर वर्मा ने ठगी के आभूषण खरीदकर उन्हें गला दिया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3.10 लाख कीमत का गला हुआ सोना बरामद किया। मामले में साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
एक आरोपी अब भी फरार
मामले में नोशाद शाह निवासी गूलरभोज, जिला ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी युसुफ उर्फ मोटा के खिलाफ रतलाम के अलावा उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती जिले में आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज होना सामने आया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन, एएसआई प्रकाश डावर, प्रधान आरक्षक जितेंद्र बघेल, आरक्षक लोकेन्द्र सोनी, अनिल सोलंकी और जितेंद्र चौधरी की विशेष भूमिका रही।

error: Content is protected !!