• Sun. Sep 13th, 2026

दोस्ती के बाद शुरू हुई ब्लैकमेलिंग : 10वीं के छात्र को जान से मारने की धमकी देकर हड़पे सोने के गहने, दो आरोपी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Jun 28, 2026

खबर पक्की, 28 जून, रतलाम। जिले के सैलाना थाना पुलिस ने कक्षा 10वीं के एक नाबालिग छात्र को जान से मारने की धमकी देकर उससे नकदी और सोने के आभूषण हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को नाबालिग छात्र ने परिजनों के साथ जाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान आदित्य सिसोदिया और अंकलेश मोगिया से हुई थी। शुरुआत में दोनों ने दोस्ती की, लेकिन बाद में वे समय-समय पर उससे 500-1000 और अन्य रकम की मांग करने लगे।
जब छात्र ने रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे और उसके पिता को जान से मारने तथा रास्ते में गंभीर घटना करने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से डरे छात्र ने घर से तीन सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी सोने के कान के आभूषण निकालकर आरोपियों को दे दिए।घर से आभूषण गायब होने पर परिजनों ने पूछताछ की तो छात्र ने पूरी घटना बताई। इसके बाद सैलाना थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदित्य सिसोदिया और अंकलेश मोगिया को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हर्ष उर्फ हर्षवर्धन गुर्जर के साथ मिलकर छात्र को धमकाकर रुपये और सोने के आभूषण लेने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आभूषण आदित्य के खेत पर बने कमरे में छिपाकर रखे गए हैं। पुलिस बरामदगी की कार्रवाई कर रही है, जबकि फरार आरोपी हर्ष उर्फ हर्षवर्धन गुर्जर की तलाश जारी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!