खबर पक्की, 28 जून, रतलाम। रतलाम पुलिस ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के प्रभावी संचालन में उत्कृष्ट कार्य करते हुए वर्ष 2025 के प्रदर्शन के आधार पर पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में सम्मानित किया गया।
भोपाल में आयोजित हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 28 जून 2026 को कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल में इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान सीसीटीएनएस के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार को सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान की गई।
तकनीकी दक्षता और डिजिटल पुलिसिंग का मिला पुरस्कार
यह सम्मान अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी रूप से सुदृढ़ संधारण, ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी संचालन तथा डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में रतलाम पुलिस द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की मान्यता है।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, न्यायमूर्ति श्री संजीव कालगांवकर, एनसीआरबी नई दिल्ली के उपनिदेशक श्री प्रसून गुप्ता, फॉरेंसिक एवं साइबर विशेषज्ञ डॉ. सैयद शरीक रिजवी, विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज श्रीवास्तव, एनआईसी भोपाल के श्री सुनील जैन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पूरे पुलिस परिवार को दिया उपलब्धि का श्रेय
सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने रतलाम पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस शाखा एवं समस्त पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे रतलाम पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया।
बेहतर पुलिस सेवाओं के लिए निरंतर प्रयास
रतलाम पुलिस डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक सशक्त बनाने तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
