खबर पक्की, 30 मई, रतलाम। प्रदेशभर में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार दोपहर रतलाम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। भोपाल आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर उज्जैन संभागीय उडऩदस्ते ने दो बत्ती चौराहा स्थित आदर्श जूस सेंटर पर औचक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी डेट की अमूल फ्रेश क्रीम, अव्यवस्थित खाद्य सामग्री और साफ-सफाई में भारी लापरवाही सामने आई। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के जूस सेंटर और डेयरी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
संभागीय उडऩदस्ते में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा और बीएस देवलिया ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता को भी मौके पर बुलाया गया और आगे की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकान में मानव उपभोग के लिए रखे मिल्क शेक, जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, पनीर तथा शेक निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री पाई गई। जांच में ‘नंदी ब्रांड सिंथेटिक सॉफ्ट ड्रिंक कंसंट्रेटÓ तथा अमूल युवा क्रीम के एक-एक लीटर पैक मिले।
इनमें अमूल क्रीम के पैकेट पर पैकिंग तिथि 15 नवंबर 2025 तथा एक्सपायरी तिथि 15 मार्च 2026 अंकित थी। अधिकारियों के अनुसार दुकान में एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बाद भी उक्त क्रीम का उपयोग किया जा रहा था। एक्सपायर अमूल फ्रेश क्रीम के दो पैकेट डिस्प्ले फ्रिज में रखे मिले। अधिकारियों ने बताया कि दुकान में चारों ओर गंदगी थी तथा खाद्य सामग्री अत्यंत अव्यवस्थित तरीके से रखी गई थी। शेक एवं अन्य खाद्य पदार्थों में उपयोग किए जा रहे रंग खुले में रखे पाए गए।
टीम ने मिल्क शेक, अनार जूस, अमूल फ्रेश क्रीम तथा पनीर के सैंपल लिए है। सभी नमूनों को सील कर जब्ती पंचनामा तैयार किया गया और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जब्त किया पनीर ले गया व्यक्ति, अधिकारियों ने फटकारा
कार्रवाई के दौरान एक रोचक घटनाक्रम भी सामने आया। पंचनामा और सेंपलिंग के दौरान जब्त किया गया पनीर एक व्यक्ति बिना अनुमति वहां से ले गया। अधिकारियों ने जब आदर्श जूस सेंटर के संचालक कृष्णा राठौड़ से पनीर के संबंध में जानकारी मांगी तो उसने पनीर अपना नहीं बताते हुए संबंधित व्यक्ति द्वारा ले जाने की बात कही। इस पर अधिकारियों ने संचालक कृष्णा राठौड़ को फटकार लगाई और पनीर वापस मंगवाया। पनीर ले जाने वाला व्यक्ति राजेंद्र नगर निवासी प्रकाश सोयल निकला, जो बालाजी मिल्क एजेंसी संचालित करता है।
अधिकारियों ने उसे मौके पर बुलाया, लेकिन वह पनीर साथ नहीं लाया। अधिकारियों द्वारा दोबारा निर्देश दिए जाने के करीब 20 मिनट बाद वह दूसरा ताजा पनीर लेकर पहुंच गया। इस पर अधिकारियों ने उसे फटकार लगाते हुए जब्त किया गया वही पनीर वापस लाने के निर्देश दिए। काफी देर बाद जब्त हुआ वास्तविक पनीर अधिकारियों के पास पहुंचा, जिसके बाद उसकी विधिवत सेंपलिंग की गई। पूछताछ में प्रकाश सोयल ने बताया कि वह पनीर जावरा की नागेश्वर एजेंसी से लाता है। पनीर 310 रुपये प्रति किलो में खरीदता है तथा 380 रुपये तक थोक में बेचता है।
उसने यह भी बताया कि वह ऑर्डर मिलने पर ही पनीर मंगवाता है। अधिकारियों ने प्रकाश सोयल के नाम-पते भी दर्ज किए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि उडऩदस्ते की कार्रवाई के तहत रतलाम में जांच की जा रही है। आदर्श जूस सेंटर पर कई अनियमितताएं मिली हैं। दुकान में साफ-सफाई का अभाव है, सामग्री अव्यवस्थित रखी गई है तथा उपयोग किए जा रहे कलर्स खुले पाए गए हैं।
यहां एक्सपायरी डेट की अमूल फ्रेश क्रीम का उपयोग भी किया जा रहा था। चार सैंपल लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने हेतु प्रकरण सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य स्थानों पर भी जांच कार्रवाई जारी रहेगी।
आदर्श जूस सेंटर पर छापा, मिली एक्सपायरी डेट की अमूल क्रीम
