खबर पक्की, 30 मई, रतलाम। जिले में शिवगढ़-रावटी मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे के समय बाइक पर दंपति का 10 वर्षीय बेटा और महिला का भाई भी सवार था। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति, बेटा और साला घायल हो गए।
हाट जाने के दौरान हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 11.30 बजे की है। रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिलड़ी के भागवाड़ा मोहल्ला निवासी सुखराम अमलियार अपनी पत्नी संगीता, 10 वर्षीय बेटे पूनमचंद और साले बंटी मुनिया के साथ रावटी हाट जा रहे थे। बाइक बंटी मुनिया चला रहा था।
रावटी से करीब दो किलोमीटर पहले ग्राम आड़ापथ के पास पीछे से आए डंपर क्रमांक एमपी-43-जेडएम-1088 ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे चारों सवार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में सुखराम, उनका बेटा और बंटी सड़क पर घिसटते हुए दूर जा गिरे। वहीं संगीता बाइक से उछलकर सड़क की दूसरी ओर गिर गई।
महिला को कुचलता हुआ निकल गया डंपर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गिरने के बाद भी डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका। वह महिला को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि संगीता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घायल पति, बेटा और महिला के भाई ने किसी तरह खुद को संभाला। पत्नी और मां की हालत देखकर परिजन बदहवास हो गए।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे की सूचना राहगीरों ने रावटी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा।
हादसे में सुखराम, उनके बेटे पूनमचंद और साले बंटी मुनिया को भी चोटें आई हैं।
पति बोला- हाट करने जा रहे थे
मृतका के पति सुखराम ने बताया कि पूरा परिवार रावटी हाट जाने के लिए निकला था। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि संगीता के दो बच्चे हैं, जिनमें 10 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी शामिल हैं।
डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डंपर सुंद्रेल निवासी एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि डंपर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
महिला के ऊपर से निकला डंपर, मौत : रतलाम में पति और बच्चे के साथ बाइक पर जा रही थी; गाड़ी को पीछे से मारी टक्कर
