• Wed. Sep 16th, 2026

7 साल से फरार ठगी का आरोपी अरेस्ट : मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा; हिमाचल प्रदेश से पुलिस पकड़ कर लाई

BySurendra Jain

May 30, 2026

खबर पक्की, 30 मई, रतलाम। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख 15 हजार रुपए की ठगी गिरोह में शामिल 7 साल से फरार एक आरोपी को रतलाम पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। ठगी के मामले में दो आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके है। एक आरोपी कंपनी संचालक नितिश भारद्वाज अब फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया उज्जैन निवासी हिमांशु प्रजापति के साथ वर्ष 2018 में धोखाधड़ी हुई थी। हिमांशु ने शिकायत कर बताया था कि वह मर्चेंट नेवी की परीक्षा देने दिल्ली जा रहा था। ट्रेन में उसकी मुलाकात सुरेंद्र जाट नामक युवक से हुई। उसने (सुरेंद्र) ने खुद को मर्चेंट नेवी से जुड़ा बताकर कम रुपयों में नौकरी दिलाने के साथ परीक्षा में पास करवाने का झांसा दिया।
कुछ दिनों बाद हिमांशु को एम्सवे शिप मैनेजमेंट सर्विस की ओर से परीक्षा पास होने का लेटर मिला। सुरेंद्र ने हिमांशु को बताया कि कंपनी के जरिए ट्रेनिंग और प्लेसमेंट में ज्यादा खर्च आएगा। उसका साथी महेश पाटीदार कम रुपए में विदेश में नौकरी लगवा देगा।
सुरेंद्र के कहने पर हिमांशु 20 अगस्त 2018 को रतलाम में स्टेशन रोड स्थित कॉर्पोरेशन बैंक के ऊपर बने महेश पाटीदार के ऑफिस पहुंचा। यहां उसने ट्रेनिंग और नौकरी के नाम पर पहले 50 हजार रुपए दिए। बाद में महेश पाटीदार और सुरेंद्र जाट ने अलग-अलग बैंक खातों में उससे कुल 1 लाख 65 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करवाए। आरोपियों ने विदेश में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर हिमांशु से कुल 2 लाख 15 हजार रुपए ठग लिए।
गोवा व हिमाचल प्रदेश के बैंक खातों में जमा हुई राशि
शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सुरेंद्र जाट और महेश पाटीदार के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम मडगांव (गोवा) निवासी नीतिश भारद्वाज और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ग्राम कड़ोवा निवासी नमन शर्मा के खातों में जमा हुई थी। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।
साइबर ट्रैकिंग से पकड़ाया आरोपी
लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के रतलाम एसप अमित कुमार ने जिले के थानों में विशेष एसआईटी गठित की है। इसी के तहत स्टेशन रोड थाने की एसआईटी के सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने साइबर सेल की मदद से आरोपी नमन शर्मा के नए मोबाइल नंबर ट्रेस किए। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश के अम्ब जिला ऊना से नमन शर्मा (29) को गिरफ्तार कर रतलाम लाई। शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया।
कंसल्टेंसी का कर रहा था काम
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश में कंसल्टेंसी कंपनी चलाकर ऑफिस संचालित कर रहा था। जांच में यह सामने आया है कि जिस कंपनी के जरिए मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का दावा किया था, उसका संचालन नितिश भारद्वाज (35) करता था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!