• Wed. Sep 16th, 2026

बाइक चोरी का पर्दाफाश : गाड़ी चुराने और खरीदने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, नाहरपुरा से गायब हुई थी बाइक

BySurendra Jain

May 30, 2026

खबर पक्की, 30 मई, रतलाम। माणकचौक थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक वाहन चुराने वाला मुख्य आरोपी है, जबकि दूसरा चोरी की बाइक खरीदने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। वहीं, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि नाहरपुरा क्षेत्र निवासी कुलदीप सिंह (पिता मदनसिंह राठौर) ने 27 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि कोई अज्ञात बदमाश उनकी बाइक (एमपी 43 ईसी 5379) चुरा ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और शहर के संभावित इलाकों में संदिग्धों व वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।
तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली पक्की सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की। इसके बाद संदेह के आधार पर मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने नाहरपुरा से बाइक चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई गाड़ी बरामद कर ली। साथ ही, उस व्यक्ति को भी दबोच लिया जिसने यह चोरी की बाइक खरीदी थी।
गिरफ्तार और फरार आरोपियों की जानकारी
पुलिस ने इस मामले में चोरी करने वाले मुख्य आरोपी इमरान उर्फ गोलू (27 वर्ष, पिता युनुस उर्फ सड्डू पठान, निवासी मस्जिद वाली गली, मोहन नगर) और खरीददार इमरान उर्फ अरमान (24 वर्ष, पिता मोहम्मद अफसर अब्बासी, निवासी काजीपुरा, रतलाम) को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य साथी मोईन (पिता रफीक पठान, निवासी नूरी नगर, रतलाम) अभी फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!