• Sun. Aug 2nd, 2026

होटल में आयोजित सम्मेलन पर हंगामा, बजरंग दल ने लगाया धर्मांतरण का आरोप.. बाहर बैठकर कार्यकर्ताओं ने पढ़ी हनुमान चालीसा, पुलिस से हुई नोंक-झोंक,जांच में जुटी पुलिस

BySurendra Jain

May 27, 2026

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। शहर के होटल अजंता पैलेस में बुधवार को आयोजित मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन जीवन दर्शन के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब हिंदू संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और कार्यक्रम में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम एवं रतलाम पास्टर्स फेलोशिप द्वारा होटल के हॉल में “जीवन दर्शन” नाम से सम्मेलन आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। कार्यकर्ता हॉल के बाहर धरने पर बैठ गए तथा हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ कार्यकर्ताओं ने किसी बात पर कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई तथा धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को बाहर किया और हालात को नियंत्रित किया। मौके पर सीएसपी अजय सारवान, डीएसपी किशोर पाटनवाला सहित स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन, माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान, आईए थाना प्रभारी गायत्री सोनी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस द्वारा सम्मेलन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि धर्मांतरण के लगाए गए आरोपों एवं कार्यक्रम की गतिविधियों की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!