• Fri. Nov 6th, 2026

पुलिस लाइन में 15 दिवसीय समर कैंप का सफल समापन, पुलिस परिवार के बच्चों ने खेल, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों में दिखाया उत्साह

BySurendra Jain

May 27, 2026

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश को उपयोगी एवं मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन रतलाम में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन किया गया। यह समर कैंप 12 से 26 मई तक आयोजित किया गया था, जिसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा किया गया था।
समर कैंप के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों के लिए फुटबॉल, क्रिकेट, योगा, ड्राइंग, जुम्बा, सिंगिंग सहित विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिला। कैंप के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं रचनात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।
समापन समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए उनके उत्साह, प्रतिभा एवं सहभागिता की सराहना की गई। अधिकारियों द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं सकारात्मक ऊर्जा के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही भविष्य में भी पुलिस परिवार के बच्चों के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन निरंतर किए जाने की बात कही गई।
समर कैंप के समापन अवसर पर बच्चों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं परिजनों द्वारा खूब सराहा गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह एवं आनंद का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, डॉ. श्रीमती स्वर्णा सरस्वती उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार श्रीमती मोनिका चौहान, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिस परिवार के बच्चे एवं परिजन उपस्थित रहे। रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस परिवार के कल्याण एवं बच्चों के व्यक्तित्व विकास हेतु इस प्रकार की सकारात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाता रहा है।

error: Content is protected !!