खबर पक्की, 26 मई, रतलाम। रतलाम विकास प्राधिकरण ने नगर विकास योजना क्रमांक-2 के क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित संचालक मंडल की पहली बैठक में योजना के लिए निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया प्रारंभ करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
आरडीए पदाधिकारियों ने कहा कि नगर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए नगर विकास योजना-2 अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। त्रिवेणी मेला स्थल के समीप लगभग 68 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित इस योजना के मानचित्र को नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा वर्ष 2023 में स्वीकृति दी जा चुकी है। योजना के विकास कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति भी बैठक में प्रदान की गई।
बैठक में सालाखेड़ी स्थित यातायात नगर योजना के अपूर्ण विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने और उसके बाद भूखंड आवंटन प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय भी लिया गया।
इसके अलावा संचालक मंडल ने परशुराम विहार योजना में रिक्त भूखंडों के व्ययन को स्वीकृति दी। यहां उद्यानों के सौंदर्यीकरण, सोलर लाइटिंग और साफ-सफाई के बाद भूखंडों के विक्रय की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि हुडको क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा प्राधिकरण को अविकसित योजनाओं को पूर्ण करने के लिए 25 करोड़ रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया है। न्यूनतम ब्याज दर पर स्वीकृत इस ऋण के संबंध में आगामी कार्यवाही के लिए भी संचालक मंडल ने निर्णय लिया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय लेखे को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में अध्यक्ष मनोहर पोरवाल,उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी, संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र गोयल, राजेंद्र मौर्य, धीरज व्यास, राखी व्यास, किरण महावर सहित विभिन्न विभागों के शासकीय सदस्य उपस्थित रहे। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार शर्मा ने बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
रतलाम विकास प्राधिकरण संचालक मंडल की पहली बैठक, नगर विकास योजना-2 को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया, यातायात नगर के अधूरे काम होंगे पूरे, भूखंड आवंटन भी जल्द
