• Fri. Jul 31st, 2026

शादी में डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद : पत्थरों से गाड़ी और घरों को निशाना बनाया, वीडियो के आधार पर पुलिस कर रही तलाश

BySurendra Jain

May 25, 2026

खबर पक्की, 25 मई, रतलाम। शहर के मोतीनगर क्षेत्र में शादी समारोह में डांस के दौरान विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट से लेकर पथराव तक की नौबत आ गई। पथराव में क्षेत्र में खड़ी एक कार के कांच फूट गए। मारपीट और पथराव की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
शादी समारोह में डांस के दौरान हुआ विवाद
घटनाक्रम रविवार रात का है, जिसका सीसीटीवी सोमवार दोपहर सामने आया। जानकारी के अनुसार, शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीनगर में शादी समारोह में डांस चल रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक डांस देखने पहुंच गए। किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मारपीट करते हुए दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए। इसके बाद आसपास के मकानों और खड़ी गाडिय़ों पर भी पथराव किया गया। पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। वीडियो में कुछ युवतियां भी नजर आ रही हैं, जो बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही हैं। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पत्थर और लाठियों से हमला करते रहे।
सूचना मिलने पर रात में पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले विवाद करने वाले लोग वहां से भाग चुके थे। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ लोग वहां से चले गए थे, लेकिन बाद में मुंह पर नकाब पहनकर लौटे और पथराव किया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस वीडियो के आधार पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। शादी वाले पक्ष की ओर से भी किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान में जुटी पुलिस
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। दोनों पक्षों के लोग आपस में परिचित बताए जा रहे हैं। कुछ युवक थाना डीडी नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जिस कार के कांच फूटे हैं, उसके मालिक की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर विवाद और पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर रही है। आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!