खबर पक्की, 25 मई, रतलाम। सैलाना के चर्चित शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी कांड का रतलाम पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सोना-चांदी का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त औजार, बिना नंबर की पल्सर बाइक, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली राउंड बरामद किए हैं। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार फरियादी प्रेम जैन निवासी सैलाना ने थाना सैलाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात वह अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह बड़ा जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले और करीब 4.5 किलो चांदी एवं 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी पाए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। एएसपी विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश, बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान,रावटी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ऑपरेशन सुरक्षा कवच के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर पीले प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरता दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी कर रहा था। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के झकनावदा पहुंची और ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा मशरूका, औजार, बिना नंबर की पल्सर बाइक, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली राउंड बरामद किए गए। आरोपियों ने चोरी के बाद सामान को करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाडिय़ों में गड्ढा खोदकर छिपाना बताया था, जहां से पुलिस ने बरामदगी की।पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य उपकरणों के संबंध में अलग से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर (25) निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ
- विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन (30) निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ
