खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी में पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने रविवार दोपहर शहर के प्रवेश मार्ग पर बने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। महिलाएं और अन्य रहवासी खाली बर्तन लेकर सड़क पर बैठ गए और पार्षद से लेकर नगर निगम के अधिकारियों तक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नगर निगम ने मौके पर पानी के टैंकर भेजे, लेकिन रहवासी मानने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान दूसरी ओर नगर निगम की फायर लॉरी से रेलवे ग्राउंड में पानी का छिड़काव किया जा रहा था, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
बोले- कई दिनों से पानी के लिए परेशान
रहवासियों का कहना था कि वे लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। टैंकर आते तो हैं, लेकिन उससे पूरी मल्टी की जरूरत पूरी नहीं हो पाती। नल कनेक्शन होने के बावजूद टंकियों में नियमित पानी नहीं भरा जाता।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी, नगर निगम के इंजीनियर और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रहवासी सुनने को तैयार नहीं हुए।
एक नहीं, चार टैंकर पहुंचे फिर भी नहीं माने लोग
नगर निगम ने पहले एक पानी का टैंकर भेजा, लेकिन रहवासियों ने कहा कि इससे पूरी मल्टी की समस्या खत्म नहीं होगी। इसके बाद तीन और टैंकर बुलाए गए, फिर भी लोग नहीं माने और पानी के साथ अन्य समस्याएं भी उठाने लगे। काफी देर बाद तहसीलदार पिंकी साठे मौके पर पहुंचीं और रहवासियों से चर्चा की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
रहवासी बोलीं- वॉलमैन समय पर पानी नहीं छोड़ता
रहवासी लता गौड़ ने बताया कि समय पर टैंकर नहीं आता। नल लगे हुए हैं, लेकिन वॉलमैन समय पर पानी नहीं छोड़ता। कई घरों तक पानी पहुंचता ही नहीं।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों से लोग परेशान हैं। क्षेत्र में पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन उसमें पानी नहीं भरा जाता। वॉलमैन पहले नल कनेक्शन की डायरी बनवाने की बात कहता है, जिसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कमिश्नर बोले- कई लोगों ने अब तक नहीं कराई रजिस्ट्री
करीब ढाई घंटे बाद दोपहर तीन बजे नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने पांच लोगों को बातचीत के लिए आगे आने को कहा।
कमिश्नर ने बताया कि मल्टी में रहने वाले कई लोगों ने अब तक फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई है। कई लोग लोन की किश्तें भी जमा नहीं कर रहे हैं। वहीं अधिकांश रहवासियों ने नल कनेक्शन की डायरी भी नहीं बनवाई है।
उन्होंने कहा कि सोमवार को कैंप लगाकर डायरी बनाई जाएगी। फिलहाल पानी के टैंकर भेजे गए हैं, उनसे पानी भर लें। हालांकि रहवासी उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुए और फिर सड़क पर बैठ गए।
झुग्गी बस्तियों से लाकर बसाए गए थे लोग
डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी में करीब पांच साल पहले शहर की अवैध झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्थानांतरित किया गया था। यहां करीब 400 फ्लैट हैं।
नगर निगम ने पानी की लाइन और टंकियों का निर्माण कराया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने अब तक नियमित नल कनेक्शन नहीं लिए हैं।
शहर में भी पानी सप्लाई प्रभावित
शहर में भी पानी सप्लाई की समस्या बनी हुई है। एक दिन छोड़कर पानी देने की व्यवस्था के बावजूद कई इलाकों में दो से तीन दिन तक पानी नहीं पहुंच रहा। सुबह नगर निगम के ऑटो रिक्शा से तकनीकी कारण बताकर देरी की सूचना दी जाती है, जिससे लोग परेशान हैं।
उधर क्रिकेट ग्राउंड में हो रहा था पानी का छिड़काव
एक ओर लोग पानी के लिए सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं कुछ दूरी पर रेलवे ग्राउंड में नगर निगम की फायर लॉरी से पानी का छिड़काव किया जा रहा था।
ग्राउंड के बाहर आरपीएल-2 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का बैनर लगा था। 25 से 31 मई तक यहां क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होना है, जिसकी तैयारी के लिए मैदान में पानी डाला जा रहा था।
फायर लॉरी से पानी छिड़काव को लेकर पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें मनीष तिवारी के निर्देश पर भेजा गया था।
कमिश्नर अनिल भाना ने कहा कि पीएम आवास मल्टी में करीब 400 फ्लैट हैं। इनमें से केवल 5 से 10 प्रतिशत लोगों ने नियमित नल कनेक्शन लिए हैं। उसी हिसाब से पानी सप्लाई की जा रही है। सोमवार को कैंप लगाकर सभी की डायरी बनाई जाएगी, ताकि भविष्य में समस्या न हो।
खाली बर्तन लेकर सड़क पर चक्काजाम : रतलाम में समय पर जल न मिलने पर नाराज; दूसरी तरफ फायर लॉरी से हो रहा था छिड़काव
