खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र में साधु के वेश में घर में घुसकर झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चौकी सुखेड़ा पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने आज पूरे मामले का खुलासा किया।पुलिस के अनुसार ग्राम पंचेवा निवासी कारीबाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 मई को चार लोग उसके घर गेहूं और चावल की भिक्षा मांगने पहुंचे। आरोपियों ने परिवार को बताया कि घर में भूत-प्रेत का साया है, जिसे झाड़-फूंक और टोटकों से दूर किया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने घर में गेहूं और चावल की ढेरी लगवाई और परिवार के लोगों से पहने हुए जेवर उतारकर ढेरी पर रखने को कहा।
फरियादिया की बेटी ने अपना सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर ढेरी पर रख दी। आरोपियों ने झाड़-फूंक के दौरान चालाकी से जेवर गायब कर दिए और परिवार को थोड़ी दूरी पर बैठा दिया। इसी दौरान परिवार के छोटे बच्चे को भी श्मशान की ओर ले जाकर कुछ दूरी पर छोड़ दिया और आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बाद में परिवार ने देखा तो ढेरी में रखे जेवर गायब थे।मामले में थाना पिपलौदा में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संदीप मालवीय एवं थाना प्रभारी रमेश कोली के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उनि राजू मखोड की टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने जावरा स्थित हुसैन टेकरी क्षेत्र से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गया एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त एमपी 14 एनई 5466 नंबर की मोटरसाइकिल और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी
विजय पिता प्रहलाद राव निवासी ठिकरिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान), लखन पिता मांगीलाल राव निवासी दलोदा, जिला मंदसौर, भोला पिता शोभाराम राव निवासी गुलियाना, जिला मंदसौर, कन्हैयालाल उर्फ नरेन्द्र पिता गोवर्धन राव निवासी दलोदा, जिला मंदसौर। पुलिस ने आरोपियों से करीब 90 हजार रुपए कीमत के आभूषण जब्त किए हैं। कार्रवाई में निरीक्षक रमेश कोली, उनि राजू मखोड, सउनि मोहनलाल गुजराती, आरक्षक विजयपाल सिंह, प्रेम मीणा, जितेंद्र माली और कारुसिंह सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साधु बनकर घर में घुसे, झाड़-फूंक के बहाने उड़ाए जेवर, 4 आरोपी गिरफ्तार, बदमाशों से सोने-चांदी के आभूषण और दो बाइक जब्त
