खबर पक्की, 19 मई, रतलाम। थाना औद्योगिक पुलिस ने सोमवार रात महू नीमच फोरलेन सेजावता फंटे के पास राजस्थान पासिंग अवैध शराब से भरे कंटेनर को पकड़ा है। कंटेनर चालक बैटरी की बिल्टी पर अवैध रूप से बीयर की करीब 400 से अधिक पेटी चंडीगढ़ से महाराष्ट्र लेकर जा रहा था। पुलिस कंटेनर को जब्त कर रात 12 बजे थाने लाई।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी। टीम बनाकर सेजावता फंटे के पास घेराबंदी की। राजस्थान पासिंग कंटेनर क्रमांक आरजे 14 जीएल 7177 को रोका। कंटेनर में ड्राइवर अकेला था। रोकने पर उससे कंटेनर में रखे सामान के बारे में पूछताछ की। ड्राइवर ने कंटेनर में बैटरी होने की बात कही।
बैटरी की बिल्ट्री दिखाई। पुलिस ने कंटनेर के गेट को खोलने को कहा। ड्राइवर ने गेट पर सील लगी होने से खोलने से मना कर दिया। पुलिस को ड्राइवर की बातों पर शक हुआ। पुलिस ने सख्ती दिखाई। ड्राइवर ने गेट खोलने के लिए 27 नंबर औजार (पाना) नहीं होने की बात कही।
ट्रकों को रोका और लिया औजार
पुलिस ने फोरलेन पर अन्य ट्रकों को रोका। ड्राइवरों से 27 नंबर औजार के बारे में पूछा। एक ट्रक चालक के पास मिलने पर कंटेनर का पुलिस ने गेट खोला। गेट खोलते ही पुलिस को कंटेनर बीयर की पेटियों से भरा मिला। तब रात में पुलिस कंटेनर को जब्त कर ड्राइवर को पकड़ कर थाने लाई।
रात 2 बजे तक उतराने का क्रम चलता रहा
रात 12 बजे से कंटेनर से बीयर की केन से भरी पेटियां उतार कर थाने में जमाने का सिलसिला शुरू हुआ। जो रात 2 बजे तक चल रहा था। कंटेनर में बीयर की पेटियों को तीन-तीन लेयर में एक के ऊपर एक रख जमा रखी थी। इस कारण नीचे रखी कई पेटियों में बियर की केन फूट गई थी। थाना परिसर शराब से महकना लगा था। सभी पेटियों को थाना परिसर में रात मे जमाया गया। कंटेनर में तीन अलग-अलग ब्रांड की बीयर थी। जिनमें टुर्बोग, किंगफिशर व थंडरबाल शामिल थी।
चंडीगढ़ हाइवे के पास से ड्राइवर लेकर आ रहा था
कंटेनर ड्राइवर भोमाराम जाट निवासी माडपुरा जिला बाडमेर (राजस्थान) का रहने वाला है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है ड्राइवर भोमाराम को चंडीगढ़ हाइवे के पास किसी अन्य ड्राइवर ने आकर कंटेनर महाराष्ट्र के धुले ले जाने के लिए दिया। धुले तक जाकर कंटेनर अन्य किसी ड्राइवर को देना था। इससे पुलिस को आशंका है कि शराब तस्करी में बड़ा कोई गिरोह शामिल है। हालांकि देर रात तक ड्राइवर से पुलिस की पूछताछ जारी थी। शराब कंटेनर कहां से भरा गया और किसी आखरी में देना था, इस बारे में देर रात तक पता नहीं चल पाया था।
कंटेनर पर बेटी बचाओ-बेटी पढाओं का संदेश
कंटेनर राजस्थान पासिंग होने के साथ ही उस पर हरियाणा राजस्थान टोल फ्री नंबर महिला हेल्प लाइन नंबर 1090 लिखा था। इसके अलावा बेटी बचाओं, बेटी पढाओं का संदेश भी लिखा था। देर रात तक पुलिस की पूछताछ ड्राइवर से जारी थी। इसके साथ ही बीयर से भरी पेटियों को उतारकर जमाने का क्रम जारी था। मंगलवाल सुबर तक कुल शराब व कीमत का पता चलेगा।
ज्वाइन करते बड़ी कार्रवाई
थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी का पिछले सप्ताह ट्रांसफर हो गया था। दो दिन पहले एसपी ने 6 थाना प्रभारियों को थाने बदले थे। औद्योगिक थाने की कमान गायत्री सोनी को दी गई थी। सोमवार शाम को उन्होंने ज्वाइन किया और रात में ही अवैध शराब से भरे कंटेनर को पकड़ लिया। थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि कंटेनर ड्राइवर बैटरी की बिल्टी पर अवैध रूप से चंडीगढ़ से शराब लेकर महाराष्ट्र के धुले जा रहा था। जिसके कोई डॉक्युमेंट नहीं मिले है। ड्राइवर से पूछताछ जारी है। पेटियों की गिनती के बाद पता चलेगा कि कितनी शराब है और क्या कीमत होगी।
रतलाम में शराब से भरी राजस्थान पासिंग कंटेनर जब्त : चंडीगढ़ से महाराष्ट्र जा रहा था माल; बैटरी की बिल्टी पर चल रही थी तस्करी
