• Thu. Sep 17th, 2026

मेला देखने जा रहे युवक का मिला शव : परिजनों ने लगाया कीटनाशक पिलाकर मारने का आरोप, थाने के बाहर शव रख किया प्रदर्शन

BySurendra Jain

May 20, 2026

खबर पक्की, 20 मई, रतलाम। जिले के आलोट में मेला देखने जा रहे 21 साल के युवक का शव संदिग्ध हालात में मंगलवार रात मिला। जब लोगों ने सड़क पर शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। ग्रामीण और परिजन पहुंचे। शिनाख्त कर शव लेकर रात 11 बजे आलोट थाने के बाहरसड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने शंका के आधार पर 4 लोगों के नाम बताए है।
मृतक का नाम कृष्णपाल (21) पिता लक्ष्मणसिंह निवासी खामरिया है। खामरिया आलोट से तीन किमी दूर है। मंगलवार रात वह करीब 8 बजे अपने घर से आलोट के अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर पर चल रहे मेले को देखने के लिए घर से निकला था लेकिन गांव से कुछ दूर रात करीब 10 बजे उसका शव संदिग्ध हालात में सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों आते-जाते देखा तो भीड़ लग गई। पता चला कि यह गांव खामरिया का रहने वाला है। तब आलोट थाना पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
रात में थाने के बाहर शव रखा
ग्रामीण और परिजनों ने बेटे की हत्या की आशंका जताई और इससे आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर आलोट थाने के बाहर पहुंच गए। शव को सड़क पर रख दिया और चक्काजाम कर दिया। आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने परिजनों को समझाने की कोशश की लेकिन आक्रोशित परिजन बेटे की हत्या की बात कहते रहे। परिजनों ने 4 लोगों पर शक जताते हुए बेटे को कीटनाशक पिलाने का संदेह जताया है। रात 12 बजे तक परिजन शव लेकर थाने के बाहर बैठे थे।
यह बात भी सामने आई
मृतक कृष्णपाल मंगलवार आलोट में लगे मेले को देखने गया था। मेले से वह अपने गांव की तरफ लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसे लडख़ड़ाता हुआ देखा। उसे इस हालत में तुरंत आलोट के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चार दिन पहले हुआ था विवाद
यह भी जानकारी सामने आई है कि 4 दिन पहले आलोट के कल्पेश्वर महादेव मंदिर में कृष्ण पाल का कुछ युवकों से झूला झूलने के दौरान विवाद हुआ था। मृतक के परिजनों ने इसकी शिकायत भी आलोट थाने पर की थी। परिजनों ने भी रात में आरोप लगाया कि उसी विवाद के चलते कृष्ण पाल की हत्या की गई है। जानकारी सामने आई है कि युवक जैनम आंचलिया की अनाज की दुकान पर काम करता था।
आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया युवक का शव मिला है। मृतक के परिजनों ने चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। बुधवार सुबह शव का पीएम होगा। पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि आखिर युवक की मौत कैसे हुई है। जिन युवकों पर शक जताया है उन्हें बारे में तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!