• Sun. Nov 1st, 2026

तीन बहनों के शादी समारोह की खुशियां मातम में बदली, डीजे को लेकर बारात में हिंसा, युवक की मौत,डीजे संचालक पर हत्या का आरोपज् डेढ़ माह पहले हुई थी मृतक की शादी, तीनों बारातें लौटी

BySurendra Jain

Apr 20, 2026

खबर पक्की, 20 अप्रैल, रतलाम। जिले के ताल कस्बे में रविवार रात एक शादी समारोह में खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात इतने बिगड़ गए कि तीनों दुल्हनों के फेरे तक नहीं हो पाए और बारातें बिना दुल्हन के ही लौट गईं।
तीन बेटियों की शादी, एक विवाद ने सब कुछ बिगाड़ा
जानकारी के अनुसार ताल में एक परिवार की तीन बेटियों की शादी थी। अलग-अलग गांव—रूनीजा, बसाड़ और उनी से बारातें आई थीं। रात करीब साढ़े 9 बजे तीनों बारातों का जुलूस एक साथ आगे-पीछे चल रहा था। इसी दौरान बारातियों के साथ चल रहे बसाड़ और उणी के डीजे ऑपरेटरों में कॉम्पीटिशन शुरू हो गया। जब बारात धर्मशाला पहुंची और दूल्हे तोरण मार रहे थे, तभी दोनों डीजे ऑपरेटर एक-दूसरे से बहस करने लगे और माइक पर ही अपशब्द कहने लगे।बसाड़ से आई बारात के डीजे वाहन के ऑपरेटर माखन (निवासी मंदसौर) द्वारा माइक से गाली-गलौज की जा रही थी।मोहल्ले के दिलीप माली ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद तेजी से बढ़ गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोग भी बने शिकार
झगड़ा बढ़ता देख दिलीप का भाई सुनील माली और मोहल्ले के समरथ बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि माखन ने चाकू से दिलीप के पेट में वार किया, जबकि उसके साथी ने लोहे के पाइप से हमला किया, जिससे दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायलों को तत्काल ताल स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से दिलीप की हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।लेकिन रास्ते में ही दिलीप ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हत्या का केस दर्ज
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि ताल पुलिस ने मुख्य आरोपी माखन सहित 3-4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बिना फेरे लौटीं तीनों बारातें
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी समारोह पूरी तरह से रुक गया। तीनों बेटियों की बारातें बिना फेरे के ही लौट गईं। परिजनों के अनुसार विवाद केवल बसाड़ से आई बारात के डीजे पक्ष से जुड़ा था, जबकि अन्य दो बारातों का इस घटना से कोई संबंध नहीं था। बताया जा रहा है कि मृतक दिलीप की शादी भी डेढ़ माह पहले ही हुई थी। घटना के बाद सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ताल थाने पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

Related Post

नामली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आदतन आरोपी को किया गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद, जावरा और रतलाम के विभिन्न स्थानों से चुराई थीं मोटरसाइकिलें, करीब 1.45 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
रॉयल कॉलेज में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक, एएसपी विवेक कुमार लाल ने किया संवाद, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम सहित विभिन्न विषयों पर दी जानकारी, विद्यार्थियों के सवालों के भी दिए जवाब
बाउंड ओवर के आदेश का उल्लंघन करने पर दो आरोपियों को भेजा जेल, धारा 141 बीएनएसएस के तहत रतलाम पुलिस ने की कार्रवाई, शेष अवधि तक रहेंगे निरुद्ध

You missed

error: Content is protected !!