• Wed. Sep 23rd, 2026

पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों से बचें, सप्लाई पूरी तरह सामान्य: कलेक्टर रतलाम

BySurendra Jain

Mar 25, 2026

खबर पक्की, 25 मार्च, रतलाम। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर कलेक्टर रतलाम ने स्पष्ट किया है कि जिले सहित प्रदेश और देश में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है। किसी भी प्रकार की सप्लाई में कोई कमी या बाधा नहीं है।

कलेक्टर ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलाई जा रही भ्रामक खबरों के कारण लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल की अधिक मात्रा में खरीदी कर रहे हैं। कई लोग फुल टंकी भरवाने के साथ ही बोतलों आदि में भी ईंधन ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि केवल एक दिन में ही सामान्य से लगभग तीन गुना अधिक खरीदी दर्ज की गई, जिससे कृत्रिम कमी की स्थिति बन रही है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घबराहट में की जा रही खरीदी से वास्तव में जरूरतमंद लोग ईंधन से वंचित हो सकते हैं। इसलिए आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें।

कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ पेट्रोल पंपों के बंद रहने के पीछे तकनीकी और प्रबंधन संबंधी कारण हैं। कुछ पंपों द्वारा पिछले सप्ताह अवकाश के दौरान समय पर ऑर्डर नहीं भेजा गया, जबकि कुछ पंप वित्तीय कारणों से पिछले 10 से 15 दिनों से संचालित नहीं हो रहे हैं। इन परिस्थितियों को गलत तरीके से “तेल की किल्लत” के रूप में प्रस्तुत किया गया।

उन्होंने बताया कि कुछ पेट्रोल पंप आज थोड़ी देर से इसलिए खुले ताकि वे अपना स्टॉक प्राप्त कर सकें और सुचारू रूप से संचालन शुरू कर सकें। वहीं अन्य सभी पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति जारी है, जिसकी पुष्टि तेल कंपनियों द्वारा भी की गई है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे संयम और समझदारी का परिचय दें, अनावश्यक पैनिक से बचें और गलत जानकारी को फैलने से रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

You missed

error: Content is protected !!