• Wed. Sep 23rd, 2026

पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतारें, संचालक बोले- लोग पैनिक होकर जरूरत से ज्यादा फ्यूल भरवा रहे, रेट बढऩे की उड़ी अफवाह

BySurendra Jain

Mar 24, 2026

खबर पक्की, 24 मार्च, रतलाम। कुछ पेट्रोल पंपों पर सप्लाई बंद होने के कारण पेट्रोल पंप बंद करने पड़े। अफवाह उड़ी कि पेट्रोल पंप बंद हो रहे हैं और रेट भी बढ़ेंगे। इससे चालू पेट्रोल पंपों पर मंगलवार दोपहर भीड़ उमड़ गई। लोग पेट्रोल-डीजल भराने के लिए लाइन में घंटों खड़े रहे।
ईरान-इजराइल युद्ध के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की कमी देखने को मिल रही है। रतलाम शहर के बीच स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पिछले करीब 20 दिनों से बंद है। बंद का कारण संचालक की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इसके अलावा शहर के फव्वारा चौक स्थित रतलाम ऑटोमोबाइल एचपी का पेट्रोल पंप दोपहर 1 बजे से बंद है।
इससे इसके पास स्थित पेट्रोल पंप पर दिनभर से लोगों की लाइन पेट्रोल व डीजल भराने के लिए लग गई। एक दिन पहले शहर के दो बत्ती डीआरएम ऑफिस के सामने स्थित पेट्रोल पंप बंद था, जो कि मंगलवार को खुल गया। यहां पर लोगों की भीड़ है। पेट्रोल पंप बंद होने व रेट बढऩे की अफवाह के चलते लोगों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही है।
फव्वारा चौक पर पेट्रोल पंप बंद
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि लोग पैनिक हो रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सप्लाई में देरी होने के कारण दिक्कत आई है। पेट्रोल भराने आए ग्राहक अजय बख्शी ने बताया कि आधा घंटे से लाइन में लगा हूं। लोग पैनिक हो रहे हैं। खाड़ी में आए संकट की वजह से अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ लग रही है। दो पंप बंद हुए हैं। संभवत: लोग घबराहट की वजह से पेट्रोल पंप पहुंचकर भीड़ कर लाइन में लग रहे हैं।
संचालक बोले- कोई कमी नहीं, सप्लाई में देरी से दिक्कत हुई
रतलाम ऑटोमोबाइल्स पेट्रोल पंप संचालक विश्वनाथ बाजपेई ने बताया कि आगे से सप्लाई में देरी के कारण मंगलवार दोपहर 1 बजे पेट्रोल पंप बंद किया गया है। अफवाहों के चलते लोग पैनिक हो रहे हैं। जरूरत से ज्यादा पेट्रोल व डीजल भरवा रहे हैं। इससे जल्दी स्टॉक भी खत्म हो रहा है। लोगों को समझना चाहिए। किसी प्रकार की कोई अफवाह पर ध्यान न दें। हमारा पेट्रोल पंप कल सुबह तक चालू हो जाएगा।
जरूरत से ज्यादा फ्यूल भरवा रहे लोग
अफवाहों के चलते स्थिति यह बन रही है कि लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक तो फुल टैंक भी करा रहे हैं। इससे पेट्रोल-डीजल जल्दी खत्म हो रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों ने जरूरत के हिसाब से पेट्रोल-डीजल भराने की अपील की है।
प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की
जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने बताया कि ऑयल कंपनियों ने बताया है कि जिले में 24 मार्च की स्थिति में पेट्रोल/डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी 184 पेट्रोल पंपों पर 13 लाख 26 हजार लीटर पेट्रोल एवं 16 लाख 16 हजार लीटर डीजल का स्टॉक पर्याप्त रूप से उपलब्ध है। लोग संयम बरतें और पेट्रोल/डीजल के संबंध में सोशल मीडिया एवं अन्य किसी भी प्रकार से फैल रही अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें।

You missed

error: Content is protected !!