• Tue. Sep 22nd, 2026

रतलाम में सड़क अतिक्रमण व अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान, कई वाहनों पर चालानी कार्रवाई

BySurendra Jain

Mar 15, 2026

खबर पक्की, 15 मार्च, रतलाम। शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रतलाम यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा सड़क अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ ही नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई एसपी अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद स्वरूप सोनी के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक राजशेखर वर्मा ने किया। अभियान के तहत 14 मार्च 2026 को यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रानी जी के मंदिर से घास बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
समझाइश के साथ कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को लाइन के अंदर व्यवस्थित रूप से पार्क करने की समझाइश दी गई। वहीं दुकानदारों को दुकानों के बाहर फुटपाथ पर रखा सामान हटाने की सख्त चेतावनी दी गई, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान
इसी क्रम में चांदनी चौक क्षेत्र में नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों को थाना लाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अभियान में सूबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक 1052 भगत सिंह, आरक्षक 759 नरेन्द्र चौरे सहित यातायात पुलिस और नगर निगम रतलाम की टीम ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने और आमजन को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करें तथा सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण से बचें।

Related Post

जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 21 दिन के अंदर करें आवेदन : कलेक्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के पंजीयन में विलंब न करें, समय पर आवेदन करने की कलेक्टर ने की अपील
धौलावड़ डेम का पानी सिंचाई के लिए नहीं मिलेगा, पेयजल के लिए रहेगा सुरक्षित, डेम में 45 प्रतिशत जल ही उपलब्ध, गेहूं की सिंचाई के लिए पानी देने से इनकार; चोरी या जबरन पाइप डालने पर उपकरण जब्त कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश
नशे की तस्करी पर सख्ती के निर्देश, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, पुलिस, आबकारी, एनसीबी और सीबीएन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर; स्कूलों में चलेंगे नशामुक्ति जागरूकता अभियान

You missed

error: Content is protected !!