• Tue. Sep 15th, 2026

मेरा भी सच सुना जाए, एकतरफा फैसला ना ले, पत्नी ने वीडियो जारी कर आरोपों को बताया गलत; पति ने बताया था मौत का जिम्मेदार

BySurendra Jain

Mar 13, 2026

खबर पक्की, 13 मार्च, रतलाम। दो दिन पूर्व सुसाइड करने के पहले वीडियो बनाकर पत्नी पर आरोप लगाने वाले युवक की पत्नी का वीडियो सामने आया है। जहां पत्नी ने पति द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया है और कहा कि- पति आए दिन मारपीट कर विवाद करते थे। मेरी प्रशासन से यह अपील है कि आसपास वाले लोगों से पूछे कि वह इंसान कैसा था। बीवी कैसी थी। उसके बाद ही कोई निर्णय ले।
बता दें कि रतलाम के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत ऊंकाला रोड निवासी मोइनुद्दीन काजी (35) ने मंगलवार को अपने घर में सल्फास की गोलियां खाली ली थी। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को मृतक का मौत के पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। जिसमें मौत का जिम्मेदार पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों को बताया।
पत्नी के खिलाफ युवक ने वीडियो एक बंद कमरे में बनाया है। उसके हाथ में सल्फास की गोली की डिब्बी दिखाई दे रही है। डिब्बी दिखाते हुए वह पत्नी का नाम लेते हुए कह रहा है कि तूने आज स्टेटस लगाया कि मैं तेरे लिए सिरदर्द बन गया हूं। ठीक है, कोई बात नहीं है। यह देख सल्फास है, जो मैं खाने वाला हूं। यह जहर है, जहर। पता कर लेना, यह सल्फास की गोलियां हैं।
वीडियो में उसने यह भी कहा कि यह कदम मुझे मजबूरन उठाना पड़ रहा है, क्योंकि मैंने तुझे मनाने की बहुत कोशिश की। हमारे बीच छोटा-मोटा झगड़ा या अनबन हुई हो तो दोनों मिलकर सुलझा सकते थे, लेकिन तूने हर बार वहीं गलती की। तूने अपने घर वालों को, मां-बाप और भाई को बुलाया। वे आए, मेरी नहीं सुनी और तुझे लेकर चले गए। मैंने कॉल किया तो मुझे डराया-धमकाया।
दो दिन बाद पत्नी का वीडियो सामने आया
युवक द्वारा वीडियो में अपनी पत्नी पर लगाए गए आरोपों के बाद गुरुवार को पत्नी का भी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। पत्नी ने पति द्वारा लगाए गए आरोपों का गलत बताया। पत्नी ने वीडियो में कहा- कि चार दिन पूर्व मेरे साथ पति ने बहुत मारपीट की। तब मेरा भाई व पिता आकर मुझे लेकर गए। पत्नी ने पति के सभी आरोपों का जवाब भी वीडियो में दिया है। यहां तक उसने आखरी बार पति का मुहं तक नहीं देखने देने का आरोप भी ससुराल पक्ष पर लगाया। पत्नी ने यह भी कहा कि केवल एक तरफ का सुन कर मुझे गुनहगार साबित ना करे।

error: Content is protected !!