• Fri. Oct 30th, 2026

दशा माता की पूजा में 3 तोले की चेन चोरी, हरदेवलाला पिपली में वारदात, सीसीटीवी में दिखीं 4 संदिग्ध महिलाएं

BySurendra Jain

Mar 13, 2026

खबर पक्की, 13 मार्च, रतलाम। शहर के हरदेवलाला पिपली क्षेत्र में दशा माता की पूजा के दौरान एक वृद्धा के गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना का पता चलते ही पूजा करने आई महिलाओं में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पूजा के दौरान बाहरी महिलाओं पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार सुबह शहर में महिलाओं ने पीपल के पेड़ों पर दशा माता की पूजा-अर्चना की। माणकचौक थाना क्षेत्र के हरदेवलाला पिपली स्थित भैरव मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा करने पहुंचीं। इसी दौरान क्षेत्र निवासी सावित्री देवी (74) पति जगदीश माहेश्वरी अपनी बहू विद्या माहेश्वरी के साथ पूजा करने आई थीं।
वृद्धा के आसपास घेरा बनाकर खड़ी थीं महिलाएं
परिजनों के अनुसार पूजा के दौरान कुछ महिलाएं सावित्री देवी के आसपास घेरा बनाकर खड़ी थीं। बहू भी पास में ही मौजूद थी। कुछ देर बाद वृद्धा ने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब थी, जबकि चेन में लगा करीब एक ग्राम का सोने का पेंडल उनकी साड़ी में अटका हुआ मिला।
वृद्धा ने जब यह बात बहू को बताई तो उसने देखा कि पूजा के दौरान पास में खड़ी तीन-चार महिलाएं वहां से निकलकर एक मैजिक वाहन में बैठकर रवाना हो गईं। घटना के दौरान एक अन्य महिला ने भी अपने गले से चेन गायब होने की बात कही, हालांकि बाद में उनकी चेन वहीं जमीन पर गिरी हुई मिल गई।
सीसीटीवी में दिखीं चार महिलाएं
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। इसके बाद पुलिस वृद्धा की बहू और बेटे को लेकर कंट्रोल रूम पहुंची, जहां आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। फुटेज में मंदिर के पीछे की ओर से जाती हुई चार संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि वे पूजा के अनुरूप तैयार होकर आई थीं, लेकिन क्षेत्र की निवासी नहीं थीं। उनके साथ एक बच्चा भी था।
वृद्धा का बेटा जितेंद्र माहेश्वरी और बहू विद्या माहेश्वरी शाम करीब 5.30 बजे माणकचौक थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी में दिख रही संदिग्ध महिलाओं के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल अन्य किसी महिला द्वारा चेन चोरी की शिकायत नहीं मिली है।

Related Post

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन निकलता है 12 एमएलडी पानी, भविष्य में तालाबों में किया जाएगा उपयोग : कलेक्टर, कलेक्टर एवं महापौर ने करमदी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण, टीडीएस मशीन से स्वयं जांचा पानी
3 करोड़ रुपये की लागत से जून 2027 तक तैयार होगा फायर स्टेशन : कलेक्टर, कलेक्टर एवं महापौर ने पलसोड़ा में निर्माणाधीन फायर स्टेशन और स्वामित्व रजिस्ट्री कार्यों का किया अवलोकन
आगामी 5 से 10 वर्षों में रतलाम जिला आर्थिक रूप से उल्लेखनीय प्रगति करेगा : कलेक्टर, आगामी 3 वर्षों में रतलाम जिले में 40 से 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश संभावित

You missed

error: Content is protected !!